सीजनल संग्रह अमीनों के विनियमितीकरण की मांग को लेकर जिलाधीकारी को ज्ञापन
कानपुर नगर, राजस्व संग्रह सीजनल अमीन कर्मचारी वेलफेयर एसोसिएशन, कानपुर नगर ने जिलाधिकारी कार्यालय में ज्ञापन सौंपकर सीजनल संग्रह अमीनों और सीजनल संग्रह अनुसेवकों के शीघ्र विनियमितीकरण की मांग की है।
एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष प्रवीण बाजपेई ने बताया कि शासन और राजस्व परिषद के स्पष्ट निर्देशों के बावजूद अब तक विनियमितीकरण नहीं हो सका है। ज्ञापन में कहा गया है कि पूर्व जिलाधिकारी श्री राकेश कुमार सिंह के निर्देश पर इस संबंध में पत्रावली तैयार कर राजस्व परिषद से मार्गदर्शन भी प्राप्त कर लिया गया था, लेकिन उनके स्थानांतरण के बाद यह पत्रावली बंद कर दी गई। एसोसिएशन ने जिलाधिकारी से निवर्तमान जिलाधिकारी द्वारा तैयार की गई पत्रावली पर पुनः कार्रवाई करने और 13 मई 2025 के शासनादेश का अनुपालन सुनिश्चित करने की मांग की है। ज्ञापन देने वालों में जिलाध्यक्ष प्रवीण बाजपेई, महामंत्री संजय श्रीवास्तव, जिला मंत्री सुरेन्द्र मिश्रा, कोषाध्यक्ष संजय अवस्थी और संगठन मंत्री अरविन्द रावत आदि शामिल रहे।
