*बेमौसम बारिश से फसल क्षति का डीएम ने किया स्थलीय निरीक्षण, गाटा-वार सर्वे कर शीघ्र रिपोर्ट भेजने के निर्देश*

 

कानपुर नगर।

 

जनपद में हुई बेमौसम बारिश से फसलों को हुए नुकसान का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने तहसील सदर के सचेंडी तथा सोना गांव में खेतों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने खेतों में पहुंचकर गाटा-वार फसल क्षति की स्थिति देखी और प्रभावित किसानों से बातचीत कर वास्तविक नुकसान की जानकारी प्राप्त की।

 

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने किसानों की समस्याएं सुनीं और बेमौसम वर्षा से फसलों पर पड़े प्रभाव के संबंध में जानकारी ली। किसानों ने बताया कि बारिश के कारण कई स्थानों पर खड़ी फसल प्रभावित हुई है।

 

जिलाधिकारी ने मौके पर उपस्थित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन क्षेत्रों में फसलें प्रभावित हुई हैं, वहां तत्काल सर्वेक्षण कार्य प्रारंभ कराया जाए। उन्होंने कहा कि सभी लेखपाल अपने-अपने क्षेत्रों में गाटा-वार एवं क्षेत्रवार फसल क्षति का विस्तृत आकलन सुनिश्चित करें। उन्होंने समस्त उप जिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि लेखपालों द्वारा किए जा रहे सर्वेक्षण कार्य की नियमित निगरानी की जाए और फसल क्षति का आकलन समयबद्ध ढंग से पूरा कराया जाए।

 

जिलाधिकारी ने कहा कि तैयार आकलन रिपोर्ट शीघ्र शासन को भेजी जाए, जिससे प्रभावित किसानों को समय से क्षतिपूर्ति उपलब्ध कराई जा सके। इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और सभी संबंधित अधिकारी इसे प्राथमिकता के साथ पूरा करें, जिससे प्रभावित किसानों को शीघ्र राहत मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *