यातायात पुलिस का सराहनीय कार्य: खोया मोबाइल दिलाकर लौटाई मुस्कान
आज के दौर में मोबाइल फोन हर व्यक्ति की जिंदगी का अहम हिस्सा बन चुका है। ऐसे में अगर फोन खो जाए तो मानो इंसान का एक जरूरी हिस्सा ही उससे अलग हो जाता है। कुछ ऐसा ही हुआ विजय नगर चौराहे पर, जहां एक पीड़ित का खोया मोबाइल उसे वापस दिलाकर यातायात पुलिस ने मानवता की मिसाल पेश की।
जानकारी के अनुसार, आकाश कश्यप नामक युवक, जो फेरी लगाकर अपना जीवन यापन करता है, अपना मोबाइल फोन ऑटो में भूल गया था। फोन खो जाने से वह काफी परेशान हो गया और उसकी रोजमर्रा की जिंदगी पर भी इसका असर पड़ने लगा।इसी दौरान विजय नगर चौराहे पर तैनात यातायात कर्मी विजेंद्र पाल और महावीर ने तत्परता दिखाते हुए मामले को गंभीरता से लिया। दोनों कर्मियों ने प्रयास कर ऑटो चालक से संपर्क स्थापित किया और मोबाइल फोन को सुरक्षित बरामद कर पीड़ित आकाश कश्यप को सौंप दिया।अपना खोया फोन वापस पाकर आकाश कश्यप के चेहरे पर खुशी साफ झलक उठी। उसने पुलिसकर्मियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके इस सहयोग से उसकी बड़ी समस्या हल हो गई।यातायात पुलिस के इस सराहनीय कार्य की स्थानीय लोगों ने भी प्रशंसा की है। यह घटना एक बार फिर साबित करती है कि पुलिस सिर्फ कानून व्यवस्था ही नहीं, बल्कि आम जनता की मदद के लिए भी हमेशा तत्पर रहती है।
