राज्य कर विभाग की छापेमारी, कंस्ट्रक्शन फर्म से 1.56 करोड़ जमा कराए

कानपुर। राज्य कर विभाग की एसआईबी टीम ने उन्नाव जनपद में सरकारी विभागों के लिए निर्माण कार्य करने वाली एक कंस्ट्रक्शन सेवा प्रदाता फर्म के दो ठिकानों पर एक साथ छापेमारी कर बड़ी कर अनियमितता का खुलासा किया है। जांच के दौरान फर्म द्वारा विभिन्न सरकारी विभागों से प्राप्त वर्क कॉन्ट्रैक्ट के भुगतान पर नियमानुसार जीएसटी जमा न करने का मामला सामने आया, जिसके बाद फर्म ने डीआरसी-03 के माध्यम से तत्काल 1.56 करोड़ रुपये जमा कराए।

यह कार्रवाई एडीशनल कमिश्नर ग्रेड-1 राज्य कर कानपुर सैमुअल पॉल एन (आईएएस) के निर्देश पर की गई। एडीशनल कमिश्नर ग्रेड-2 (एसआईबी) जोन-प्रथम प्रशांत कुमार और ज्वाइंट कमिश्नर (एसआईबी) संभाग-ए ज्ञान प्रकाश सिंह के नेतृत्व में उपायुक्त (एसआईबी) रेंज-ए कानपुर की टीम ने उन्नाव स्थित दोनों व्यापारिक परिसरों पर एक साथ छापेमारी की। इस दौरान पांच अधिकारियों की टीम ने देर रात तक फर्म से संबंधित दस्तावेजों की गहन जांच-पड़ताल की।

जांच में सामने आया कि फर्म द्वारा देय जीएसटी का भुगतान नहीं किया जा रहा था और बड़ी मात्रा में कर की अपवंचना की जा रही थी। विभागीय जांच के दौरान मिली अनियमितताओं के आधार पर फर्म ने नकद के रूप में डीआरसी-03 के जरिए 1.56 करोड़ रुपये जमा किए। विभाग ने कई महत्वपूर्ण दस्तावेज भी सीज किए हैं, जिनकी आगे विस्तृत जांच की जा रही है और नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

इस छापेमारी अभियान में उपायुक्त (एसआईबी) रेंज-ए अभिषेक कुमार चतुर्वेदी, सहायक आयुक्त प्रभात कुमार चौधरी, राज्य कर अधिकारी दीपक सिंह और गोपाल कृष्ण सारस्वत सहित अन्य अधिकारी शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *