कानपुर: नगर निगम में बिना सूचना आउटसोर्सिंग कर्मचारी हटाए जाने से हड़कंप, आजीविका संकट गहराया

 

कानपुर। नगर निगम के जलकल विभाग (जोन 4 व 6) में पिछले 7 माह से सेवाएं दे रहे आउटसोर्सिंग कर्मचारियों को बिना किसी पूर्व सूचना या कारण बताए अचानक हटा दिए जाने का मामला सामने आया है। प्रभावित कर्मचारियों ने इसे अन्यायपूर्ण बताते हुए आज कानपुर जिलाधिकारी कार्यालय में एक ज्ञापन देते हुए मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश से हस्तक्षेप की गुहार लगाई है।

 

कर्मचारी अंकित राजपूत, शिवम कुमार, मनाज, संजय व खुत्र मोहम्मद सहित अन्य ने एक आवेदन-सह-प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि वे पूरी निष्ठा व ईमानदारी से अपना कार्य कर रहे थे, लेकिन प्रशासन ने उन्हें अचानक काम से निकाल दिया। इस फैसले से उनके सामने आजीविका का गंभीर संकट उत्पन्न हो गया है।

 

प्रभावित कर्मचारियों का कहना है कि उनमें से अधिकांश अपने परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य हैं। अचानक रोजगार समाप्त होने से परिवारों के सामने आर्थिक और सामाजिक कठिनाइयाँ खड़ी हो गई हैं। उन्होंने इस निर्णय को मानवीय दृष्टिकोण से उचित नहीं ठहराया।

 

प्रभावित कर्मचारियों की मांगें

1.हटाए गए सभी आउटसोर्सिंग कर्मचारियों को तत्काल पुनः कार्य पर बहाल किया जाए।

2.भविष्य में किसी भी कार्रवाई से पूर्व उचित सूचना एवं कारण बताया जाए।

3.कर्मचारियों के हितों की सुरक्षा के लिए स्पष्ट नीति बनाई जाए।

 

प्रार्थियों ने मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश से न्यायोचित हस्तक्षेप की अपील करते हुए कहा कि उन्हें पूर्ण विश्वास है कि उनकी समस्या का समाधान किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *