मुंबई के लिए साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन, गोविंदपुरी में ठहराव
कानपुर। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे प्रशासन ने लोकमान्य तिलक टर्मिनस (एलटीटी) और बनारस के बीच साप्ताहिक विशेष ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। यह विशेष ट्रेन 6 मई 2026 से 15 जुलाई 2026 तक संचालित की जाएगी और कुल 21 फेरे लगाएगी।
रेलवे के अनुसार गाड़ी संख्या 01073 लोकमान्य तिलक टर्मिनस से प्रत्येक बुधवार और गुरुवार को दोपहर 12:15 बजे प्रस्थान कर विभिन्न स्टेशनों से होते हुए अगले दिन रात 11:30 बजे बनारस पहुंचेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 01074 बनारस से प्रत्येक शुक्रवार और शनिवार को सुबह 5:30 बजे रवाना होकर रास्ते में प्रमुख स्टेशनों पर ठहरते हुए लोकमान्य तिलक टर्मिनस पहुंचेगी।
यह ट्रेन ठाणे, कल्याण, इगतपुरी, नासिक रोड, जलगांव, भुसावल, खंडवा, इटारसी, रानी कमलापति, बीना, वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी, उरई, गोविंदपुरी, फतेहपुर और सूबेदारगंज सहित कई प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी। कानपुर के यात्रियों के लिए गोविंदपुरी स्टेशन पर इसका ठहराव रखा गया है, जिससे उन्हें मुंबई और बनारस के बीच यात्रा में अतिरिक्त सुविधा मिलेगी।
रेलवे के अनुसार इस विशेष ट्रेन में कुल 22 कोच लगाए जाएंगे, जिनमें 9 स्लीपर, 6 एसी थर्ड, 1 एसी सेकेंड, 4 सामान्य और 2 एसएलआरडी कोच शामिल होंगे।
