उन्नाव। मौरावां थानाक्षेत्र में रविवार भोर पहर अजीब घटना सामने आने से ग्रामीणों में सनसनी फैल गई। रात में घर के बाहर सो रहा युवक रविवार की सुबह लहूलुहान हालत में पड़ा मिला। रात में युवक को पीटकर हमलावर उसका नाजुक अंग काट ले गए। पुलिस ने युवक को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसे लखनऊ रेफर किया गया है। मामले की पड़ताल की जा रही है, वहीं गांव में घटना के बाद तरह तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
उन्नाव के मौरावां थाना क्षेत्र के गौरी गांव में शनिवार की रात कमलेश पाल का 22 वर्षीय बेटा सूरज घर के बाहर बरामदे में सो रहा था। भोर पहर में उसके चीखने की आवाज सुन स्वजन दौड़कर बाहर आए। घरवालों ने देखा कि कमलेश के सिर से खून बह रहा था और उसका नाजुक अंग कटा देखकर उनके होश उड़ गए। उन्होंने पुलिस को सूचना दी।
घरवालों ने पुलिस को बताया कि अज्ञात हमलावरों ने युवक के सिर पर भारी वस्तु से हमला करने के बाद नाजुक अंग काट ले गए। स्वजन उसे गंभीर हालत में स्थानीय अस्पताल ले गए, जहां से डॉक्टरां ने उसे लखनऊ रेफर कर दिया है। ग्रामीणों में चर्चा है कि आशनाई में घटना अंजाम दी गई है। हालांकि पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। हमलावर का पता लगाने के लिए डॉग स्क्वाड व फोरेंसिक टीम को बुलाया गया है। युवक की लखनऊ अस्पताल में हालत गंभीर बताई जा रही है।
