अवैध प्लॉटिंग देखकर उपाध्यक्ष बिफर गए

अवैध निर्माणों के खिलाफ प्रवर्तन की खामोशी किस कदर है, इसका नजारा खुद सिंहपुर कछार में केडीए के उपाध्यक्ष अरविंद सिंह ने देखा. यहां पर बड़ी संख्या में अवैध प्लॉटिंग देखकर उपाध्यक्ष बिफर गए. ​अभियंताओं पर नाराजगीज जाहिर की. छुट्टी के दिन हाकिम के चढ़े पारे के बाद प्रवर्तन विभाग भी एक्शन में आया. वीसी के निर्देशों के बाद यहां पर बुलडोजर गरजा और 33 बीघा जमीन पर की गई अवैध प्लॉटिंग को ध्वस्त कर दिया.
दरअसल, रविवार को केडीए उपाध्यक्ष अरविंद सिंह न्यू कानपुर सिटी, गंगा बैराज, सिंहपुर, बायो डायवर्सिटी पार्क, गंगा थीम पार्क आदि क्षेत्रों का निरीक्षण करने पहुंचे थे. इस दौरान न्यू कानपुर सिटी में आने वाले सिंहपुर कछार में बड़ी संख्या में अवैध प्लॉटिंग देखकर उनका पारा चढ़ गया. बिना ले आउट के हो रहे प्लॉटिंग पर अभियंताओं पर भी खूब बरसे. बिना नक्शे के हो रही प्लॉटिंग को तुरंत ध्वस्त करने के निर्देश दिए. इसके बाद यहां पर पांच पांच बुलडोजर लगाकर ध्वस्तीकरण अभियान चलाया गया. केडीए अफसरों के मुताबिक, करीब 50 करोड़ कीमत की 33 बीघा जमीन पर अवैध प्लॉटिंग को यहां पर ध्वस्त किया गया. इस दौरान केडीए वीसी ने तहसीलदार को निर्देश दिए कि न्यू कानपुर सिटी की जमीनों के एक-एक गाटे की स्थिति राजस्व अभिलेखों से मिलान रिपोर्ट दी जाए. अभियंताओं को योजना का सर्वे करने को कहा गया, जिसे कि जल्द ही यहां पर एक आवासीय योजना को लाया जा सके. अभियान के दौरान भूपेन्द्र सिंह भदौरिया, शिवाकांत शुक्ला, अजय यादव, आलोक कटियार, शहज़ादे लाल, हरिशंकर, हरिकृष्ण कटेरिया,रामखिलावन कटेरिया, अशोक कुमार कटेरिया, राधाकृष्ण अग्रवाल, भवर लाल कोठीवाल की अवैध प्लॉटिंग ध्वस्त की गई. यहां पर बनाई गई सड़क, नाली, बिजली के खंभे भी गिरा दिए गए l

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *