बैंक में नौकरी का झांसा देकर 16 लाख रुपये की ठगी

बैंक में नौकरी का झांसा देकर 16 लाख रुपये की ठगी, काेर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज

कानपुर देहात में क्षेत्र के बाबा गांव और आसपास के 10 लोगों को बैंक में नौकरी दिलाने का झांसा देकर शातिर ने 16 लाख रुपये ठग लिए। कोर्ट के आदेश पर आरोपित के खिलाफ रसूलाबाद थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।

बाबा गांव निवासी वीरेंद्र कुमार ने बताया कि मैनपुरी जिले के चिनौर थानांतर्गत नया मोहल्ला फर्राश के असलम से एक मित्र के जरिए परिचय हुआ था। उसने खुद को यूपी एग्रो कारपोरेशन बैंक का प्रबंध निदेशक बताया। इसके बाद फोन पर उससे बात होने लगी। उसने कहा कि वह उन्हें कानपुर देहात जिले के डिस्ट्रीब्यूटर पद की जिम्मेदारी दे रहा है। इसका अधिकार पत्र 25 नवंबर 2019 को उसे दे भी दिया। सिक्योरिटी मनी के नाम पर उससे ढाई लाख रुपये ले लिए। इसी तरह से उसने गांव और आसपास के गौरव, सुनील, रामअवतार, रफीक, कौशलेंद्र सिंह , ओपेंद्र कुमार, रोहित, अनिल कुमार, अजय सिंह को नियुक्ति देने का झांसा देकर प्रत्येक से डेढ़-डेढ़ लाख रुपये वसूले। काफी समय बीतने पर भी जब नियुक्ति नहीं हुई तो शक हुआ। कुछ समय तक आरोपित ने अपना मोबाइल फोन बंद कर लिया। एक दिन फोन चालू होने पर उसने टरकाया। रुपये वापस मांगने पर धमकाया। उन्हें समझते देर नहीं लगी कि वह सभी ठगी का शिकार हो गए हैं। आरोप है कि रसूलाबाद थाना पुलिस के साथ अधिकारियों से शिकायत की, पर कोई सुनवाई नहीं हुई। तब उन्होंने न्यायालय की शरण ली। रसूलाबाद थाना प्रभारी प्रमोद कुमार शुक्ला ने बताया कि आरोपित के खिलाफ धोखाधड़ी की धारा में मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *