आज जनसभा को संबोधित करेंगे अखिलेश यादव

कानपुर देहात में माती मुख्यालय ओवर ब्रिज के पास सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की जनसभा को लेकर मंगलवार को पूरे दिन तैयारियां चलती रहीं। मंच व पंडाल देर शाम तक तैयार कर लिया गया। करीब दस हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है। बुधवार दोपहर तीन बजे राष्ट्रीय अध्यक्ष जनसभा को संबोधित करेंगे।

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव विजय रथायात्रा निकाल रहे हैं। उनकी यात्रा कानपुर, हमीरपुर से होकर जालौन होते हुए जिले में आएगी। उनके स्वागत के लिए कार्य कर्ताओं ने हाईवे के विभिन्न स्थानों पर होर्डिंग लगा दी हैं। जनसभा की तैयारियां देर रात तक होती रहीं। मुख्यालय मोड़ के पास खाली पड़े मैदान में बड़ा पंडाल बनाया गया है। वहां दस हजार से अधिक लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है। वहीं, विधानसभा वार भीड़ लाने की जिम्मेदारी वहां के दावेदारों को दी गई है। दावेदारों के लिए जन शक्ति के प्रदर्शन का भी मौका है। इससे वह क्षेत्रों में भीड़ जुटाने की कोशिश करते रहे। वहीं, कई नेता तो कानपुर में अखिलेश के स्वागत में लगे रहे।

जिलाध्यक्ष प्रमोद यादव ने बताया कि जालौन में जनसभा निपटाने के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष करीब तीन बजे जिले में आ जाएंगे। फिर जनसभा को संबोधित करेंगे। साथ ही रात्रि विश्राम सर्किट हाउस में करेंगे। वहां पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात करेंगे। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर भी पार्टी के पदाधिकारियों व अन्य नेताओं के बीच खींचतान दिखी। इससे पहले एमएलसी दिलीप सिंह कल्लू यादव, शिशुपाल सिंह यादव, पवन कटियार, योगेंद्र राठौर, शेखू खान आदि ने व्यवस्था देखी।

कानपुर देहात में अकबरपुर नगर पंचायत चेयरमैन ने सपा के कार्यक्रम के लिए तैयार हो रहे पंडाल में सफाई करने के लिए निकाय के सुपरवाइजर समेत पांच कर्मी भेज दिए। यह कर्मी पूरे दिन पंडाल स्थल की सफाई करते रहे। कूड़ा उठाने के लिए नगर पंचायत की गाड़ी भी भेजी गई। जबकि निकाय के कई वार्डों में गंदगी का आलम है और वहां सफाई कर्मी लोगों की शिकायत के बाद भी नहीं पहुंचते हैं। इसको लेकर चर्चा होती रही। बता दें कि चेयरमैन सत्तादल से जुड़े हैं। नगर पंचायत के सफाई नायक दिवारी लाल ने बताया कि चेयरमैन के कहने पर सफाई कर्मी सपा के कार्यक्रम के लिए लगाए गए है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *