महापौर कार्यालय में उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कारपोरशन एवं नगर निगम, जल कल अधिकारियों के मध्य बैठक

कानपुर। मध्यान्ह 12ः00 बजे नगर निगम मुख्यालय में मा0 महापौर जी अध्यक्षता में महापौर कार्यालय में उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कारपोरशन एवं नगर निगम, जल कल अधिकारियों के मध्य बैठक आहूत की गयी ।
बैठक में मा0 महापौर के निर्देश के क्रम में नगर निगम की भूमि, पार्क इत्यादि के अधिग्रहित भूमि इत्यादि का सर्किल रेट के आधार पर मुआवजा रू0 106.19 करोड़ तैयार किया गया था, जिसका पूर्व में बैठक दिनांक 07.09.2021 को संयुक्त निरीक्षण (मेट्रो एवं नगर निगम) के निर्देश दिये गये थे।
संयुक्त निरीक्षण (मेट्रो एवं नगर निगम) के उपरान्त आज बैठक में नगर निगम को भूमि के मुआवजा रू0 17.71 करोड़ मा0 महापौर के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
मा0 महापौर ने नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि मुआवजा 106 करोड़ से 17 करोड़ कैसे हो गया, यह समझ से परे है, इसका पुनः निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करें, तत्पश्चात् थर्ड पार्टी से जॉच कराई जायेगी। साथ ही यह भी कहा मेट्रो द्वारा बिना सूचना के तोड़-फोड़ शुरू कर दिया जाता है।
मेट्रो अधिकारियों ने मा0 महापौर को अवगत कराया कि सभी योजनाओं की जानकारी नगर निगम को उपलब्ध कराई जाती है। महापौर ने कहा कि दिनांक 06.09.2021 को अपर नगर आयुक्त ‘‘प्रथम’’ के बेनाझाबर स्थित बंगले के पास मेट्रो द्वारा कराये जा रहे अवैध निर्माण को नगर निगम द्वारा गिरा दिया गया था, किन्तु उसके मलबे को अभी तक नहीं हटाया गया है। मा0 महापौर ने कहा वहॉ पर अवैध रूप से लोग रह रहे थे, अपर नगर आयुक्त ‘प्रथम’ के बंगले की बाउन्ड्रीवाल ही एकचुअल मानी जायेगी। मा0 महापौर ने मेट्रो अधिकारियों को निर्देशित किया कि आई0आई0टी0 से मेट्रो मार्ग में जहॉ-जहॉ नगर निगम मार्ग प्रकाश की खंभे एवं लाईट हटाये गये है, वह मेट्रो को ही लगाना होगा।मेट्रो अधिकारियों ने कहा कि बेनाझाबर से काफी मलबा हटा दिया गया है, कुछ बाकी है, उसे भी हटा दिया जायेगा, साथ ही मार्ग प्रकाश विभाग के जो भी खंभे एवं लाईट हटाये गये है, उन्हें भी लगाये जाने की कार्यवाही की जायेगी।महापौर ने महाप्रबंधक, जल कल को निर्देशित किया कि बेनाझाबर के आस-पास जो भी अवैध रूप से रह रहे है, उनकी सूची तैयार कर हटाये जाने की कार्यवाही करायें।
बैठक में दिनांक 28.10.2021 को मध्यान्ह 12ः00 बजे मेट्रो एवं नगर निगम की अगली बैठक हेतु तिथि नियत की गयी ।
बैठक में श्री अरविन्द कुमार राय, अपर नगर आयुक्त, श्री एस0के0 सिंह, मुख्य अभियन्ता (सिविल), श्री यशवीर सिंह, जोनल अभियन्ता, जोन-6, श्री नीरज गौड़, महाप्रबंधक जल कल, श्री के0पी0 आनन्द, सचिव जल कल, श्री एस0के0 गुप्ता, जोनल अभियन्ता, जोन-4 जल कल, श्री एस0के0 अग्निहोत्री, अधिशाषी अभियन्ता (सिविल) मेट्रो, श्री सुधाीर कुमार, उप मुख्य अभियन्ता, मेट्रो, श्री रंजन सिंह, लेखपाल, मेट्रो इत्यादि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *