नई दिल्ली हावड़ा रूट पर धीमी गति से ट्रेन संचालन शुरु, मालगाड़ी डिरेल होने से उखड़ा था ट्रैक

कानपुर देहात के अंबियापुर रेलवे स्टेशन के पास दिल्ली-हावड़ा रेल रूट पर मालगाड़ी डिरेल होने से बाधित हुए रेलवे ट्रैक पर ट्रेनों का संचालन शनिवार सुबह से शुरु हो गया है। शुक्रवार देर रात 12:20 बजे एक स्पेशल ट्रेन निकाल कर ट्रायल किया गया था। वहीं तड़के सुबह 5:20 बजे डाउन लाइन से डिब्रूगढ़ एक्सप्रेस काशन से निकाली गई। इसके बाद काशन (धीमी गति) से ट्रेनों का आवागमन शुरू।

दिल्ली-हावड़ा रेल रूट पर मालगाड़ी डिरेल होने से 24 वैगन पलट गए थे। इससे करीब सौ मीटर तक ट्रैक उखड़ गया था और आपस में भिड़ने के बाद पांच वैगन उछलकर किनारे तालाब में जा गिरे थे। इससे नई दिल्ली हावड़ा की अप और डाउन लाइन पर ट्रेनों का संचालन बंद हो गया था। हादसा अंबिया पुर स्टेशन के पास हुआ था। ट्रैक पर वैगन गिरने से ओवर हेड इलेक्ट्रिक लाइन क्षतिग्रस्त हो गई थी। इससे ट्रैक पर भी मालगाड़ियों का संचालन फिलहाल बंद कर दिया गया था।

हादसे की जानकारी के बाद डीआरएम मोहित चंद्रा भी पहुंच गए और ट्रैक मरम्मत कार्य का जायजा लिया था। देर रात तक ट्रैक से वैगन हटवाने का काम चलता रहा। इसके लिए क्रेन घटनास्थल पर पहुंची थी। डीआरएम ने घटनास्थल पर कर्मचारियों और आसपास रहने वाले लोगों से जानकारी ली है। उन्होंने बताया कि रेलवे का प्रयास है कि शनिवार सुबह तक ट्रैक पर ट्रेन संचालन बहाल हो जाए।

नई दिल्ली-हावड़ा रेल रूट पर शुक्रवार की सुबह करीब साढ़े पांच बजे खाली वैगन लेकर मालगाड़ी कानपुर की ओर जा रही थी। अंबियापुर रेलवे स्टेशन के पास तेज रफ्तार मालगाड़ी अचानक पटरी से उतरी और करीब सौ मीटर से ज्यादा घिसटती चली गई। इससे सौ मीटर के दायरे में ट्रैक उखड़ गए, चालक ने मालगाड़ी को रोकने का प्रयास किया तो वैगन आपस में टकराते चले गए।

डिरेल हुई मालगाड़ी से तीन वैगन दिल्ली-हावड़ रेल लाइन की पटरियों पर जा गिरे, वहीं पांच वैगन दूसरी ओर तालाब में जा गिरे। हादसे के बाद चालक व गार्ड ने अंबियापुर स्टेशन पर सूचना दी तो कंट्रोल को अवगत कराते हुए नई दिल्ली हावड़ा रेल रूट पर अप व डाउन लाइन पर ट्रेनों का संचालन बंद कर दिया गया। जिसे अब शुरु कर दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *