ट्रक में फंसी बाइक, एक युवक की मौत, दूसरा गंभीर, शव गांव पहुंचने पर मचा कोहराम

बिधनू थाना क्षेत्र के हड़हा गांव के पास देर रात ट्रक के पिछले पहिये में फंसे बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। जिसमें एक युवक की अस्पताल ले जाते वक्त मौत हो गई। वहीं साथी की हालत नाजुक बनी हुई है। युवक का शव गजनेर क्षेत्र के निनाया गांव पहुंचने पर परिजनों में कोहराम मच गया।

गजनेर शाहजहांपुर निवासी प्रदीप शुक्ला (37) शुक्रवार को पड़ोसी मित्र संतोष सिंह के साथ बाइक से नौबस्ता स्थित रिश्तेदार के घर गए थे। देर रात दोनों घर लौट रहे थे। हड़हा गांव के पास पीछे से आ रहे ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। जिससे प्रदीप और संतोष बाइक समेत ट्रक के पिछले पहिये में फंसकर काफी दूर तक घिसटते हुए चले गए।

जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों के घेराव करने पर चालक मौके पर ट्रक छोड़कर भाग निकला। पुलिस ने घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। जहां डॉक्टर ने प्रदीप को मृत घोषित कर दिया।

नाजुक हालत देख संतोष को हैलट रेफर कर दिया। बिधनू थाना प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि ट्रक को कब्जे में लेकर कार्रवाई की जा रही है। हैलट में पोस्टमार्टम के बाद शनिवार शाम शव गांव पहुंचा तो परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक की पत्नी कंचन, मां श्रीमती का रो रोकर बुरा हाल रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *