दूसरे धर्म के युवक से शादी करने पर युवती के परिजनों ने उसके प्रेमी-प्रेमिका को जमकर पीटा

कानपुर। कानपुर के बर्रा विश्वबैंक में दूसरे धर्म के युवक से शादी करने पर युवती के परिजनों ने उसके प्रेमी-प्रेमिका को जमकर पीटा। दोनों को घर से निकालकर हंगामा शुरू कर दिया। प्रेमी-प्रेमिका ने किसी तरह भाग कर डीसीपी साउथ के दफ्तर में खुद को सुरक्षित किया। युवती ने अपने माता-पिता समेत चार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के लिए तहरीर दी है।

मूलरूप से उरई निवासी युवती स्नातक के बाद स्टेनोग्राफर की तैयारी करने के लिए बर्रा कर्रही में सहेली के साथ रहती है। कोचिंग के दौरान यशोदा नगर के युवक संग प्रेम संबंध हो गए थे। 23 सितंबर को दोनों ने इलाहाबाद हाईकोर्ट से कोर्ट मैरिज कर ली और अलग-अलग पहले की तरह रहने लगे। कोर्ट मैरिज की जानकारी मिलते ही सोमवार को युवती के पिता, दादी, ताऊ समेत अन्य लोग कानपुर पहुंचे और बेटी को जबरन अपने साथ ले जाने का प्रयास किया। जानकारी मिलते ही प्रेमी पहुंचा तो परिजनों ने उसे पीट दिया। बचाव करने दौड़ी बेटी को भी जमकर पीटा। इसके बाद दोनों ने डीसीपी साउथ के दफ्तर में भागकर खुद को सुरक्षित किया। बर्रा थाना प्रभारी अजय कुमार सेठ ने बताया कि युवती की तहरीर पर माता-पिता समेत चार लोगों के खिलाफ मारपीट और धमकी देने के आरोप में एफआईआर दर्ज की जा रही है।

युवती के परिजनों ने बेटी को घर ले जाने का प्रयास किया और बर्रा थाने में घंटों पंचायत चली। लेकिन कोर्ट मैरिज के दस्तावेज और उसके बालिग होने के चलते परिजन बेटी को जबरन घर नहीं ले जा सके। उन्हें खाली हाथ कानपुर से लौटना पड़ा। बर्रा थाना प्रभारी ने उन्हें चेतावनी दी कि दोबारा अगर जबरदस्ती करने का प्रयास किया तो कड़ी कार्रवाई होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *