फतेहपुर में पटाखों से भरे कमरे में हुआ विस्फोट, महिलाओं समेत चार लोग झुलसे

फतेहपुर में छिवलहा कस्बा के नवाबगंज रोड पर शुक्रवार दोपहर आतिशबाज के घर में तेज धमाके के साथ पटाखे छूटने लगे तो भगदड़ मच गई। धमाकों का सिलसिला थमा तो लोग मौके पर पहुंचे। कमरे के अंदर पटाखा तैयार करने व सुखाने के काम में लगे चार लोग गंभीर रूप से झुलस गए। सूचना के बाद मौके पर पहुंचे पुलिस फोर्स की मदद से सभी पीड़ितों को जिला अस्पताल भिजवाया गया।

कस्बा निवासी आलेहसन आतिशबाजी के लाइसेंस धारक हैं। नवाबगंज रोड पर इनका आबादी से सटा हुआ मकान है। दीवाली का त्योहार नजदीक होने की वजह से बीते कई दिनों से इनके यहां आतिशबाजी तैयार करने का काम जोरों पर चल रहा है। दोपहर में आतिशबाज आलेहसन, गुलशन पत्नी जावेद, कनीज बेगम पत्नी आलेहसन तथा नगीना पत्नी मुन्ना पटाखा बनाने के साथ-साथ उन्हें मैदान में सुखाने के लिए रख रहे थे। इसी दौरान नजदीक जल रहे पुआल से उड़कर आई चिंगारी पटाखों के ऊपर गिर गई। एक के बाद एक सैकड़ों पटाखें छूटने लगे। एक साथ कई पटाखों के फटने से लोग दहशत में आ गए। आधे घंटे तक चारों ओर धुआं छाया रहा। काफी देर तक लोग एक जगह खड़े होकर धमाको के शांत होने का इंतजार करते रहे। छिवलहा चौकी से इंचार्ज व हथगाम थाने से पुलिस फोर्स मौके पर पहुंचा। पटाखों के बीच झुलसी अवस्था में तीनों महिलाएं व आतिशबाज पड़े थे। पुलिस ने सभी पीड़ितों को झुलसी अवस्था में बाहर निकालकर जिला अस्पताल भिजवाया। एसओ अश्वनी सिंह ने बताया आतिशबाजी बनाने का लाइसेंस देखा गया। अचानक हुए हादसे में कोई अधिक क्षति नहीं हुई है। मामूली रूप से तीन महिलाएं झुलसी हैं, उन्हें अस्पताल भिजवाया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *