देश की बड़ी टेलीकॉम सेवा प्रदाता कंपनी एयरटेल एक साजिश के तहत वर्षों से कंपनी के साथ जुड़े हजारों फ्रेंचाइजी एयरटेल स्टोरों को एक-एक कर बंद कर रही है। कंपनी अलग-अलग कारण बताकर देशभर में कई स्टोर बंद कर चुकी है और कुछ स्टोरों को बिना किसी कारण भी बंद करने का नोटिस भेजा जा चुका है जिसके कारण हजारों स्टोर मालिको एवं उनके स्टाफ के परिवारों की आजीविका पर गहरा संकट मंडरा गया है। फ्रेंचाइजी स्टोर खोलने का पूरा खर्च एवं लगातार रखरखाव का खर्च फ्रेंचाइजी मालिक द्वारा वहन किया जाता है और कंपनी प्रीपेड और पोस्टपेड सिम बेचने पर स्टोर मालिक को केवल एक बार सीमित कमीशन देती है जबकि कंपनी का सिम कार्ड उपभोक्ता वर्षों तक इस्तेमाल करता है। इस तरह वर्षों तक स्टोर मालिकों की मेहनत के बाद देशभर में एयरटेल का वृहत कस्टमर बेस तैयार होने के बाद कंपनी ने अगस्त माह से फ्रेंचाइजी स्टोरों को बंद करना शुरू कर दिया यहां तक कानपुर के पूरे जिले में सबसे अच्छा प्रदर्शन करने वाले स्टोर को भी बंद करने का नोटिस भेज दिया है। कंपनी साजिश के तहत सभी स्टोर एक साथ ना बंद करके धीरे-धीरे एक-एक कर बंद कर रही है ताकि सभी स्टोर मालिक एक साथ कोई आंदोलन न कर सके और ना ही एक साथ न्यायालय की शरण में जा सके। फ्रेंचाइजी मालिक पहले ही कोविड-19 के कारण उत्पन्न हुई कठिनाइयों से ग्रसित है और अभी जब व्यापार सामान्य स्थिति में लौट रहा है उस वक्त अचानक कंपनी का यह तानाशाही रवैया हजारों लोगों को भूखों मरने पर मजबूर कर रहा है कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी इस मामले पर कुछ भी बोलने को तैयार नहीं है और फ्रेंचाइजी मालिक खुद को कंपनी द्वारा ठगा सा महसूस कर रहे हैं। फ्रेंचाइजी वेलफेयर एसोसिएशन के अधिवक्ता पंकज बाजपेई एवं संजय तिवारी ने बताया कि यदि एयरटेल कंपनी को तुरंत बहाली नहीं की तो कंपनी के खिलाफ न्यायालय में मुकदमा किया जाएगा। वार्ता में प्रमुख रूप से एसोसिएशन के उपाध्यक्ष आनंद द्विवेदी, पंकज कंसल, अरविंद कुमार एवं लक्ष्मीकांत विश्नोई उपस्थित रहे।
2021-10-23
