गंगा का जलस्तर शुक्लागंज में खतरे के निशान और कानपुर में चेतावनी बिंदु के पार चला गया। शुक्लागंज के 20 से अधिक मोहल्ले टापू में तब्दील हो गए हैं।जिससे सुरक्षित स्थानों के लिए पलायन करने वालों की तादाद बढ़ गई है।
कानपुर में बिठूर और गंगा बैराज के आसपास के दर्जनभर से अधिक गांव बाढ़ के पानी से घिर गए हैं। इससे सब्जियों और फूलों की खेती भी डूब गई है। कानपुर में अक्तूबर माह में 14 साल में पहली बार
गंगा ने चेतावनी बिंदु पार किया है।
केंद्रीय जल आयोग के शुक्लागंज स्थित स्टेशन पर शुक्लागंज में गंगा का जलस्तर खतरे के निशान और कानपुर में चेतावनी बिंदु 113 मीटर को पार कर समुद्र तल से 113.01 मीटर पर पहुंच गया।
दरअसल, कानपुर अप स्ट्रीम और शुक्लागंज डाउन स्ट्रीम में आता है। इसलिए दोनों जगहों पर चेतावनी बिंदु और खतरे के निशान में एक मीटर का फर्क है। कानपुर में खतरे का निशान 114 मीटर और शुक्लागंज में 113 मीटर है।
2021-10-28
