चौबेपुर हत्याकांड में बड़ी कार्रवाई की गई है। आरोपी पुलिसकर्मियों को बचाने के प्रयास में एसपी आउटर अष्टभुजा प्रसाद सिंह को हटा दिया गया है।
कानपुर के चौबेपुर हत्याकांड में आरोपी पुलिसकर्मियों को बचाने का प्रयास एसपी आउटर अष्टभुजा प्रसाद सिंह को भारी पड़ गया। गुरुवार सुबह उनको हटा दिया गया है। अब उनकी जगह पर आईपीएस अजीत कुमार सिन्हा को कानपुर एसपी आउटर बनाया गया है।मामले में भाजपा विधायक से भी एसपी की कहासुनी हुई थी। विधायक ने शासन में भी
शिकायत की थी। चौबेपुर के पनऊपुरवा गांव में सोमवार देर रात हुए खूनी खेल में दलित बुजुर्ग आनंद कुमार को मौत के घाट उतार दिया गया था। पांच लोगों को मरणासन कर दिया गया था।
पीड़ित परिवार ने चौबेपुर थाने के दरोगा शेर बहादुर और गोपी कृष्ण के साथ एक दो सिपाहियों पर भी हमले में शामिल होने का आरोप लगाया था। एसपी आउटर अष्टभुजा प्रसाद सिंह इन पुलिसकर्मियों को बचाने में जुटे थे। मंगलवार शाम इसी बात को लेकर भाजपा विधायक भगवती प्रसाद सागर एसपी आउटर से भिड़ गए थे। जमकर फटकारा था। आखिर में पुलिसकर्मियों पर भी मुकदमा दर्ज करना पड़ा था। भाजपा विधायक ने मामले में उच्चाधिकारियों से शिकायत की थी। एडीजी ने भी जांच आईजी को सौंपी। मामले में एसपी आउटर की भारी लापरवाही सामने आई। जिसके बाद शासन ने उनको हटा दिया है।
2021-10-28
