दिल्ली हावड़ा रेल लाइन के परजनी हाल्ट व शाहपुर फाटक के बीच डाउन लाइन पर महाबोधि एक्सप्रेस के गुजरते ही पटरी चटक गई। वहां पेट्रोलिग कर रहे कीमैन की नजर पड़ते ही सूचना झींझक स्टेशन को दी। इसके बाद टूटी पटरी को फिश प्लेट से कसकर ठीक किया गया। इस बीच करीब 35 मिनट तक डाउन लाइन का यातायात बाधित रहा। इसके बाद में 25 किमी प्रति घंटे का काशन लगाकर डाउन की ट्रेनों को धीमी गति से गुजारा गया।
सोमवार की शाम दिल्ली से गया बिहार की तरफ जा रही डाउन की महाबोधि एक्सप्रेस तेज रफ्तार से जा रही थी। ट्रेन परजनी हाल्ट व शाहपुर फाटक के बीच गुजर रही थीं कि तभी पटरी चटक गई। गनीमत रही कि ट्रेन गुजर गई। पेट्रोलिग कर रहे कीमैन श्याम बिहारी की नजर पड़ते ही उसने शाम 5.10 बजे करीब सूचना झींझक स्टेशन पर दी। स्टेशन मास्टर झींझक की सूचना पर पहुंचे पीडब्ल्यूआइ सियाराम बिद व स्टाफ ने टूटी पटरी को फिश प्लेट से कसकर ठीक किया गया। इसके बाद 5.45 बजे करीब डाउन लाइन का यातायात धीमी गति से शुरु किया जा सका। इस बीच डाउन की स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस को कंचौसी स्टेशन पर रोका गया । पीडब्ल्यूआइ सियाराम बिद ने बताया कि टूटी पटरी को फिश प्लेट से कसकर ठीक कर दिया गया है। मंगलवार सुबह ब्लाक लेटर टूटी पटरी हटा कर नई पटरी लगाई जाएगी। यातायात निरीक्षक फफूंद बीके मीणा ने बताया कि परजनी हाल्ट व व शाहपुर फाटक के बीच पटरी टूटने के कारण समस्या हुई थी। अभी काशन पर ट्रेन गुजर रहीं हैं।
