दिवाली की रात महिला मरीज की मौत

दिवाली की रात महिला मरीज की मौत: परिजनों का आरोप पूजन की बात बोलकर गए डॉक्टर नहीं लौटे, हंगामा

कानपुर के ग्वालटोली थाना क्षेत्र के आभा नर्सिंग होम में दिवाली की रात एक महिला की मौत हो गई। शुक्रवार को महिला की परिजनों ने डॉक्टरों की लापरवाही से महिला की मौत बताकर हंगामा काटा। पुलिस ने परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया।

28 अक्टूबर को बर्रा निवासी रामबाबू ने पत्नी मुन्नी देवी (48) का तिल्ली का ऑपरेशन कराने के लिए भर्ती कराया था। दिवाली के ठीक एक दिन पहले बुधवार को शहर के जाने माने गैस्ट्रो लॉजिस्ट डॉ. पीयूष मिश्रा से नर्सिंग होम संचालक अभिनव सेंगर ने ऑपरेशन कराया था। गुरुवार की रात मुन्नी देवी की हालत बिगड़ गई।

रामबाबू ने डॉक्टर पीयूष मिश्रा और अभिनव सेंगर से बताया। परिवार के लोग डॉक्टर को बुलाने के लिए गिड़गिड़ाते रहे और बार-बार मिन्नतें करते रहे। लेकिन कोई देखने नहीं पहुंचा। शुक्रवार भोर में मुन्नी देवी की मौत हो गई। डॉक्टरों की लापरवाही से आक्रोशित परिजनों ने नर्सिंग होम के बाहर शव रखकर हंगामा किया।

ग्वालटोली थाना प्रभारी केके दीक्षित और एसीपी कर्नलगंज त्रिपुरारी पांडेय ने कार्रवाई का भरोसा दिलाकर परिजनों को शांत कराया। एसीपी ने बताया कि तीमारदार रामबाबू की तहरीर पर डॉक्टर पीयूष मिश्रा और नर्सिंग होम संचालक अभिनव सेंगर के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। जांच के बाद आरोपी डॉक्टरों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

मुन्नी देवी चार दिन पहले एडमिट हुई थी। फेफड़े में पानी और तिल्ली में मवाद था। डॉ. ने ऑपरेशन किया इसके बाद इंप्रूवमेंट था। सुबह कार्डियक अरेस्ट हुआ था। जिससे उसकी मौत हो गई। परिजनों से राय लेने के बाद ही ऑपरेशन किया गया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी कार्डियक अरेस्ट ही निकला है।
डॉ. पियूष मिश्रा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *