गजनेर कस्बे में दुकानदार का शव संदिग्ध अवस्था में दुकान के अंदर पड़ा मिला। उसके गले में तार का निशान व बिजली का तार पड़ा था। सूचना पर सीओ व फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और छान बीन की। वहीं पोस्टमार्टम में मौत का कारण हैंगिंग बताया गया है।
गजनेर मेन चौराहे पर जितेंद्र कुशवाहा (26) मकान के निचले हिस्से में कुशवाहा टेलीकॉम के नाम से दुकान किए था। शुक्रवार की देर रात तक जब वह दुकान बंद कर ऊपर नहीं पहुंचा तो परिजनों को चिंता हुई। मां शांति देवी ने नीचे उतर कर देखा तो दुकान का शटर बंद मिला, लेकिन ताला नहीं लगा था।
शंका होने पर शोर मचाया। मौके पर पहुंचे पिता सुरेंद्र शटर उठाकर अंदर गए तो जितेंद्र फर्श पर पड़ा था और उसके गले में तार कसा हुआ था। वह आनन फानन उसे पास ही स्थित अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टर ने जितेंद्र को मृत घोषित कर दिया।
सूचना पर सीओ सदर अरुण कुमार मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल की। पुलिस ने आसपास दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज भी निकलवाई है। वहीं शनिवार सुबह फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य संकलित किए।
मृतक तीन भाइयों में सबसे छोटा और अविवाहित था। मौत पर परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल रहा। थाना प्रभारी शिवशंकर ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।
