पुलिस से बचकर भागे भाजपा के नेता, 9 साल पहले आचार संहिता उल्लंघन के मामले में 15 के खिलाफ दर्ज हुई थी रिपोर्ट
Sun, 07 Nov 2021
उन्नाव जिले में 9 साल पहले चुनाव आचार संहिता में उल्लंघन करने के आरोप में गंगा घाट कोतवाली पुलिस ने सदर विधायक पंकज गुप्ता, पूर्व सभासद आशीष त्रिपाठी, वर्तमान सभासद जितेन सिसोदिया, पूर्व नगरपालिका उपाध्यक्ष सुर कुमार बाजपेई, पूर्व जिला उपाध्यक्ष भाजपा आशीष त्रिपाठी समेत 15 के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी। इस मामले में सदर विधायक समेत दो अन्य ने अपनी जमानत करा ली, जबकि शेष लोगों को पकड़ने के लिए बीते 24 घंटे में गंगाघाट पुलिस ने कोर्ट में पेश करने के लिए तीन बार दबिश दी। सभी आरोपी अभी फरार हैं।
गंगा घाट कोतवाली प्रभारी ओपी राय ने बताया कि सदर विधायक समेत 15 के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज मामले में भागे हुए आरोपियों में बाले शर्मा, बृजेश त्रिपाठी, प्रदीप मिश्रा, अशोक तिवारी, अजय त्रिवेदी, मनीष जयसवाल, राज नारायण, गोविंद समेत दो अन्य आरोपी फरार हैं।
जिन्हें पकड़ने के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है। बीते 24 घंटे में संबंधित लोगों के घरों में पुलिस की तीन बार दबिश हुई है लेकिन आरोपी नहीं मिले हैं। वहीं सदर विधायक पंकज गुप्ता, जितेंद्र सिसोदिया, वसूल कुमार बाजपेई ने पूर्व में ही अपनी जमानत करा ली है। इनके अलावा मामले में शामिल रहे पूर्व सभासद आशीष त्रिपाठी एवं भाजपा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष आशीष त्रिपाठी की कोरोना से मौत हो चुकी है।
