कृषि उत्पादन मंडी समिति पुखरायां में खाद्य विभाग की ओर से खोले गए सरकारी धान खरीद केंद्र पर मंगलवार को आठ दिन बाद खरीद शुरू हो सकी है। केंद्र पर बिक्री के लिए 15 क्विंटल धान लेकर पहुंचे किसान का एसडीएम ने फूल माला पहनाकर स्वागत किया। वहीं मंडी समिति में ही खाद्य विभाग के द्वितीय केंद्र पर धान खरीद शुरु होने का इंतजार है।
खरीफ विपणन वर्ष 2021-22 में शासन की ओर से कृषि उत्पादन मंडी समिति पुखरायां में खाद्य विभाग की ओर से सरकारी धान खरीद केंद्र प्रथम व सरकारी धान खरीद केंद्र द्वितीय खोले गए हैं। धान की फसल की कटान धीमी होने के कारण व दीपावली का त्योहार होने के कारण मंडी समिति के दोनों केंद्र पर अभी तक धान की खरीद शुरु नहीं हो सकी थी। मंगलवार को तहसील क्षेत्र के बिरमा गांव का किसान बाबूलाल प्रथम केंद्र पर धान बेचने के लिए 15 क्विंटल धान लेकर पहुंचे, जहां एसडीएम अजय कुमार राय ने किसान को फूल माला पहना कर सम्मानित किया। एसएमआइ राजेश कुमार ने किसान के धान की खरीद की।
