योगी आदित्यनाथ कानपुर में हों और सपा नेताओं को नजरबंद न किया जाए, ऐसा हो नहीं सकता

कानपुर l योगी आदित्यनाथ कानपुर में हों और सपा नेताओं को नजरबंद न किया जाए, ऐसा हो नहीं सकता. एक बार सीएम की कानपुर विजिट पर सपा नेता नजरबंद हो गए. इस बार मौका था कानपुर मेट्रो के ट्रायल रन का. दरअसल, ट्रायल रन के एक दिन पहले से ही सपा नेता पूर्व में किए गए शिलान्यास कार्यक्रम की फोटो वायरल कर इसे सपा शासनकाल का काम गिनाने लगे. यही नहीं, विधायक अमिताभ बाजपेयी तो देर रात मेट्रो डिपो पहुंच गए, फोटो खिंचाई और उसे सोशल मीडिया में वायरल भी कर दी. इसी के बाद स्थानीय प्रशासन के कान खड़े हुए और सुबह होते ही सपा विधायक को नजरबंद कर दिया. प्रसपा नेताओं को भी नजरबंद किया गया है.
दरअसल, कानपुर मेट्रो भी राजनीति से अछूती नहीं रही. अब जबकि ट्रायल रन शुरू हुआ तो इस पर श्रेय लेने की होड़ सपा और भाजपा में तेज हो गई है. बता दें कि पूर्व में बृजेंद्र स्वरूप पार्क में तत्कालीन सीएम अखिलेश यादव ने कानपुर मेट्रो का ​शिलान्यास किया था. अक्टूबर 2016 में किए गए शिलान्यास में तत्कालीन केंद्रीय शहरी विकास मंत्री एम वेंकैया नायडू के साथ कानपुर से सांसद रहे डा. मुरली मनोहर जोशी भी मौजूद थे.
हालांकि, बाद में भाजपा ने मेट्रो के लिए जरूरी मंजूरी के बिना ही शिलान्यास करने का आरोप लगाया था. अब उस समय की फोटो को सपाई सोशल मीडिया में जमकर वायरल कर रहे हैं. इसके साथ ही अखिलेश यादव को धन्यवाद जैसे स्लोगन भी लिख रहे हैं. यही नहीं, ट्रायल रन से पहले विधायक अमिताभ बाजपेयी मेट्रो डिपो जाकर ​फोटो भी खिंचा आए. उनका कहना है कि मेट्रो की आधारशिला तो अखिलेश यादव ने ही रखी थी.
विधायक इरफान सोलंकी ने भी शिलान्यास के मौके की फोटो सोशल मीडिया में पोस्ट की है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *