आखिरकार वह पल भी आ गया, जिसका कानपुर को लंबे समय से इंतजार था

कानपुर । आखिरकार वह पल भी आ गया, जिसका कानपुर को लंबे समय से इंतजार था. जैसे ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बटन दबाया, यार्ड से इठलाते हुए निकली मेट्रो ट्रायल रन के लिए दौड़ने लगी. मेट्रो के ट्रायल रन को लेकर सूबे के मुखिया का चेहरा भी काफी दमकता हुआ दिखा. मानों एक विजयी मुस्कान के साथ सीएम योगी यह कह रहे हों कि कानपुर मेट्रो के लिए यूं ही नहीं, वह पूरी शिद्दत से संजीदगी दिखा रहे थे. पॉलीटेक्निक यार्ड से मेन ट्रैक पर ट्रायल रन की शुरूआत होते ही यूपीएमआरसी के अधिकारी और कर्मचारी भी पूरे प्रफुल्लित और जोश में नजर आए.
पॉलीटेक्निक स्थित यूपी मेट्रो रेल कारपोरेशन के यार्ड में सुबह मुख्यमंत्री के आने से पहले मेट्रो को यहां पर ट्रैक पर दौड़ाकर फाइनल चेकिंग भी की गई. सुबह जब सीएम योगी, कैबिनेट मंत्री सतीश महाना, राज्य मंत्री नीलिमा कटियार के साथ पॉलीटेक्निक डिपो पहुचे तो मेट्रो में बैठकर इसकी खूबियों के बारे में जाना. यूपीएमआरसी एमडी कुमार केशव ने मेट्रो के कोच के अंदर ही सीएम को जानकारियां दीं. सीएम के बटन दबाते ही जैसे ही मेट्रो का ट्रायल रन किया, यहां मौजूद लोग ने जमकर जयघोष किया. इस दौरान कैबिनेट मंत्री सतीश महाना सीएम योगी के साथ साथ रहे . बता दें कि कानपुर मेट्रो के लिए सीएम योगी की संजीदगी इसी बात से पता चलती है जब गुजरात के सांवली प्लांट से पहली मेट्रो के तीन कोच रवाना किए गए थे, तब भी उन्होंने वर्चुअल तौर पर हरी झंडी दिखाई थी.
बात अगर कानपुर मेट्रो की करें तो शुरूआत में इसे तीन कोच की चलाया जाएगा. इसमें एक बार में 974 यात्री सफर कर सकेंगे, ट्रेनों की रफ्तार 80-90 किमी प्रति घंटा तक रहेगी. इसके अलावा सभी ट्रेनों को रीजनरेटिव ब्रेकिंग सिस्टम से लैस किया गया है, ताकि ब्रेक लगाए जाने से उत्सर्जित 45 फीसद ऊर्जा को रीजनरेट कर उसी सिस्टम में फिर से इस्तेमाल किया जा सके. मेट्रो ट्रेन में टाक बैक बटन की सुविधा दी गई है, ताकि इमरजेंसी स्थिति में ट्रेन आपरेटर से यात्री बात कर सकें. वहीं, किसी भी घटना से बचने के लिए प्रत्येक मेट्रो ट्रेन में 24 सीसीटीवी कैमरे होंगे. इनकी फुटेज ट्रेन आपरेटर और डिपो में बने सेंट्रल सिक्योरिटी रूम में पहुंचेगी. इससे पहले सीएसए के हेलीपैड पर सीएम योगी का स्थानीय जनप्रतिनिधियों, भाजपा नेताओं और प्रशासनिक अफसरों ने स्वागत किया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *