मेट्रो के ट्रायल रन का शुभारंभ करने के बाद मुख्यमंत्री सीधे केडीए सभागार पहुंचे. यहां पर जीका प्रबंधन की समीक्षा बैठक करते हुए उन्होंने लोगों को जागरूक करने को कहा. साफ सफाई से लेकर फॉगिंग आदि कराने को कहा. जीका के प्रसार को रोकने के उपायों पर भी तेजी लाने के निर्देश दिए।
केडीए सभागार में मुख्यमंत्री को डीएम विशाख जी ने बताया कि कानपुर के किन क्षेत्रों में अब तक जीका वायरस के संक्रमित मिले हैं. नगर निगम में जीका के कॉमन कमांड सेंटर से चल रही गतिविधियों का भी सीएम योगी ने जायजा लिया. समीक्षा बैठक के दौरान उन्होने अफसरों से जानकारी हासिल की. जीका के सोर्स का पता लगाने के बारे में भी उन्होने जवाब तलब किया. सीएम योगी ने जीका के प्रसार को रोकने का हर संभव प्रयास करने के निर्देश देते हुए लोगों को परेशान न होने की सलाह दी. उन्होंने कहा कि जीका से बचाव के हर उपाय को अपनाया जाए. सफाई का विशेष ध्यान रखा जाए. फॉगिंग को कराने को कहा गया. इस दौरान विधायक उपेंद्र पासवान ने घाटमपुर में फॉगिंग न होने की शिकायत की, तो सीएम ने तुरंत यहां पर फागिंग कराने के निर्देश दिए।
इसके बाद मुख्यमंत्री ने श्यामनगर में जीका प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया. यहां पर उन्होंने जीका संक्रमितों के परिजनों से मुलाकात की. होम आइसोलेशन में रहने वाले लोगों को जागरूक किया गया. परिजनों से टीमों के आने के बारे में भी सीएम ने जाना. सीएम येागी ने कहा कि कानपुर में 105 में 17 संक्रमित नेगेटिव हो चुके हैं. शासन से पहले भी टीम आयी थी, जरूरत पड़ी तो अन्य टीमों को बुलाया जाएगा. उन्होंने कहा कि स्थिति को पैनिक बनाने की आवश्यकता नहीं है. होम आइसोलेशन में रहने वाले मरीज मच्छरदानी के अंदर अलग कमरे में रहें. उन्होंने कहा कि पूरे हालात पर नजर रखी जा रही है. इस दौरान प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री, चिकित्सा शिक्षा मंत्री भी सीएम येागी के साथ रहे।
2021-11-10
