तय समय से पहले कानपुर मेट्रो के ट्रायल रन पर प्रफुल्लित नजर आ रहे सूबे के मुखिया योगी आदित्यनाथ ने साफ कर दिया है कि जब इसे आम जनता के लिए खोला जाएगा, तो शुभारंभ करने खुद प्रधानमंत्री नरेद्र मोदी आएंगे. चार से छह सप्ताह के ट्रायल रन के बाद मेट्रो को कानपुर की जनता के लिए खोला जाएगा. माना जा रहा है कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेयी की जयंती यानि 25 दिसंबर को मेट्रो को आम जनता के लिए शुरू किया जा सकता है।
पॉलीटेक्निक स्थित कानपुर मेट्रो के यार्ड स्थित सभास्थल में सीएम योगी आदित्यनाथ ने ट्रायल रन का शुभारंभ करते हुए कहा कि चार से छह सप्ताह में इसका ट्रायल रन पूरा हो जाएगा. कानपुर के लिए मेट्रो को बेहतरीन पब्लिक ट्रांसपोर्ट सिस्टम बताते हुए सीएम योगी ने कहा कि इससे यहां के प्रदूषण को कम करने में भी मदद मिलेगी. उन्होंने कहा कि कानपुर अब सही मायने मे मेट्रो सिटी हो गया है, यह केवल आबादी के मायने में नहीं, बल्कि पब्लिक ट्रांसपोर्ट के मामले में भी अब मेट्रो सिटी हो गया है. उन्होंने कहा कि 15 नवंबर 2019 को आइआइटी में मेट्रो का भूमिपूजन हुआ था. उसके बाद 19 महीने कोरोना की आपदा झेलने के बावजूद जिस तरह से तय समय से पहले कानपुर मेट्रो के पहले कॉरीडोर का काम हुआ है, वह अपने आप में बेहतरीन है. इसके लिए उन्होंने यूपीएमआरसी एमडी कुमार केशव की तारीफ भी की. सीएम ने कहा कि मेट्रो केंद्र और प्रदेश सरकार की तरफ से संयुक्त रूप से संचालित व्यवस्था. कोशिश इसी बात की जल्द से जल्द इसे जनता के लिए शुरू किया जा सके. सीएम ने कहा कि कानपुर मेट्रो का शुभारंभ खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे. इस दौरान यूपीएमआरसी एमडी कुमार केशव ने सीएम योगी को कानपुर मेट्रो का मॉडल भेंट किया।
वहीं, पत्रकारों से बातचीत में सीएम योगी ने कहा कि ट्रायल रन के बाद जैसे ही मेट्रो को क्लीयरेंस प्राप्त होगा, वैसे ही जनता के आवागमन के लिए यह सुविधा उपलब्ध हो जाएगी। उन्होंने कहा कि अगले एक से डेढ़ माह में मेट्रो की सुविधा कानपुर के लोगों को प्राप्त हो जाएगी।कानपुर मेट्रो के प्रारंभ होने के साथ ही यूपी अपने पांच शहरों में मेट्रो की शुरूआत करने वाला पहला राज्य होगा।उन्होने इसे उपलब्धि बताते हुए कहा कि मेट्रो की सौगात कानपुर को पहले ही मिल जानी चाहिए थी. उन्होंने कहा कि इस पब्लिक ट्रांसपोर्ट के लिए हमेशा से सकारात्मक रवैया रहा है। लेकिन पूर्व की सरकारों के नकारात्मक और भ्रष्ट रवैये के कारण वह नाकाम रहीं। उन्होने कहा कि मेट्रो सिटी होने के बाद यहां पर औद्योगिक विकास भी तेज होगा। इस दौरान उन्होने डिफेंस कॉरीडोर का भी जिक्र किया।

2021-11-10
