कानपुर देहात के रूरा थाना क्षेत्र में बनीपारा गांव के तालाब में मंगलवार की शाम को डूबे युवक का शव बुधवार को मिल गया। रसूलाबाद के पहाड़ी पुर निवासी अरविंद (32) मंगलवार को बनीपारा गांव में साथी नरेंद्र से मिलने आया था। दोनों ने शराब पी इसके बाद शाम को नशे में तालाब से मछली पकड़ने गए थे। इसी दौरान अरविंद तालाब में डूब गया।
नरेंद्र ने साथी के डूबने की सूचना ग्रामीणों को दी तो पुलिस बुलाई गई। मंगलवार की देर शाम तक उसका कहीं पता नहीं चला। पुलिस नरेंद्र को थाने ले गई थी। बुधवार को फिर से बनीपारा पहुंची पुलिस ने तालाब में तलाश कराई तो शव मिला। थानाध्यक्ष अनिल कुमार ने बताया कि तालाब में शव बरामद हो गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
