बिकरू कांड: पुलिस ने नोटिस तामील करा विवादित संपत्ति की कराई वीडियोग्राफी

कानपुर के बिकरू कांड की वजह रही मोहनी निवादा गांव की छह बीघा भूमि और मकान पर कब्जे को लेकर एक बार फिर शुरू हुए बवाल के बाद गुरुवार को पुलिस ने विवादित संपत्ति की वीडियो ग्राफी कराई। एनकाउंटर में मारे गए कुख्यात विकास दुबे की भतीजी ने बिकरू कांड का कारण माने जाने वाले जादेपुर निवासी राहुल तिवारी व उसके गनर पर मकान का ताला तोड़ कर सामान चोरी करने की तहरीर दी है।

चौबेपुर के बिकरू कांड की मुख्य वजह रही मोहनी निवादा गांव की छह बीघा भूमि व मकान पर कब्जेदारी को लेकर ही विवाद शुरू हुआ था। सोलह माह बाद फिर बवाल की स्थिति बन गई। कब्जेदारी को लेकर विवाद शुरू हो गया। जिसके बाद पुलिस को मकान में ताला डालना पड़ा। मोहनी निवादा निवासी लल्लन शुक्ला के तीन बेटियां हैं, जिसमें दो की शादी हो चुकी है। एक बेटी की शादी जादेपुर निवासी राहुल तिवारी से हुई और दूसरी की शादी गौरी लख्खा गांव में। लल्लन के जीवनकाल से ही साथ रहने वाले भांजे सुनील शुक्ला ने दावा किया था कि मामा उसे छह बीघा भूमि की दान में वसीयत कर गए थे। मोहनी निवादा गांव की उक्त भूमि पर सुनील, बैनामे के आधार पर काबिज हो गया। सुनील की शादी विकास दुबे की भतीजी समीक्षा से हुई थी। इधर राहुल तिवारी ने ससुर की उक्त भूमि को वरासत का हकदार बताते हुए कोर्ट में वाद दायर कर दिया था। 30 जून 2020 को भूमि और मकान पर कब्जे को लेकर विवाद हुआ तो विकास दुबे ने राहुल तिवारी को बंधक बना कर पिटवाया था। जिसमें राहुल की तहरीर पर विकास दुबे व उसके गुर्गों के खिलाफ मुकदमा दर्ज होने के बाद सीओ बिल्हौर ने तीन थानों की फोर्स के साथ बिकरू में 2 जुलाई की रात दबिश दी गई थी। कांड की वजह रही विवादित संपत्ति पर बुधवार को कब्जा करने की कोशिश की गई। जेल में बंद सुनील शुक्ला की पत्नी समीक्षा ने राहुल तिवारी व उसके गनर पर मकान का ताला तोड़ कर सामान चोरी करने का आरोप लगाया है। बुधवार को मकान में ताला डलवाने की कार्रवाई के बाद गुरुवार को गांव पहुंची पुलिस ने विवादित संपत्ति की वीडियोग्राफी कराई। दोनो पक्षों को नोटिस तामील कराने के साथ हिदायत दी गई हैं। थाना प्रभारी कृष्ण मोहन राय ने बताया कि दोनो पक्षों को नोटिस तामील करा गई है। विवादित संपत्ति की वीडियोग्राफी करा उसे गांव के कुछ लोगों की निगरानी में दिया गया है। मामले की जानकारी उच्चाधिकारियों को दी जा चुकी है।

चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराने को दी तहरीर:
सुनील की पत्नी समीक्षा शुक्ला ने जादेपुर निवासी राहुल तिवारी और उसके गनर पर मोहनी निवादा गांव के मकान का ताला तोड़ कर नगदी और जेवर समेत कीमती सामान चोरी का करने के आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। समीक्षा ने बताया कि पुलिस ने मुकदमा दर्ज कराने के लिए गुरुवार को बुलाया था, लेकिन मुकदमा दर्ज नहीं किया। वह शुक्रवार को भी रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए थाने जाएगी। इधर पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *