मजदूरों को ले जा रही बस में फंसा हाईटेंशन लाइन का तार, करंट की चपेट से मजदूर की मौत

हमीरपुर के मझगवां थाने के महजौली गांव में बुधवार देर रात ईंट भट्ठा के मजदूराें को ले जा रही एक बस में हाईटेंशन लाइन का तार फंस कर टूट गया। जिससे करंट की चपेट में आकर एक मजदूर की मौत हो गई। वहीं बिजली आपूर्ति बंद कराए जाने से बड़ा हादसा टल गया। बस में महोबा जनपद के खरेला थानाक्षेत्र के 35 मजदूर सवार थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम को भेजा। युवक की मौत से परिजनाें का रो रोकर बुरा हाल है।

महोबा जनपद के टिकरी गांव निवासी रंजीत पुत्र अर्जुन ने बताया कि वह अपने बडे़ भाई 29 वर्षीय विपिन कुमार के साथ ईंट भट्ठा में मजदूरी करने को इटावा जा रहा था। बताया कि रास्ते में क्षेत्र के खिरिया गांव के कुछ आैर मजदूराें को लेकर बस जैसे ही आगे बढ़ी। तभी रास्ते में महजौली गांव के पास हाईटेंशन लाइन का नीचे लटकता हुआ तार बस में फंसकर टूट गया। जिस पर चालक के कहने पर जैसे ही विपिन गेट खोल कर बाहर निकला तभी करंट की चपेट में आकर उसकी मौत हो गई। वहीं तार टूटने से उठ रही चिंगारी देख वहां से गुजर रहे लाइनमैन बालेंद्र ने बिजली आपूर्ति बंद करा दी। जिससे बड़ा हादसा हाेने से बच गया। रंजीत ने बताया कि बस में 35 मजदूर सवार थे। वहीं चालक बस छोड़कर भाग गया।

मजदूरी कर चलाता था परिवार: मृतक के भाई ने बताया कि मेहनत मजदूरी कर विपिन अपने परिवार का भरण पोषण करता था। मृतक अपने पीछे दो बेटे व एक बेटी पुत्री को रोता बिलखता छोड़ गया है। पति की मौत पर पत्नी रामसखी और स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है।

बस चालक की गलती से हुआ हादसा: बिजली विभाग के जेई सुनील मौर्या ने बताया कि बस के ऊपर मजदूरों का सामान लदा था। जिससे बस की ऊंचाई बढ़ गई और लाइन के नीचे से गुजरने के दौरान तार टूटकर बस में गिर गया और हादसा हो गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *