पुखरायां कस्बा के फकीराबाद अहरौली शेख में प्लांट के सामने से झोपड़ी हटाने के विवाद में गुरुवार सुबह युवक राहुल की लाठी-डंडों व ईंट से हमला कर आरोपितों ने हत्या कर दी। घटना से नाराज स्वजन ने जमकर हंगामा काटा और झांसी हाईवे पर दो घंटे से अधिक समय तक जाम लगाया। आरोपितों के प्रभावी कार्रवाई करने का आश्वासन देने पर हाईवे का जाम खुल सका। इस घटना में पांच नामजद व पांच अज्ञात व्यक्तियों के विरुद्ध हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है।
पुखरायां कस्बा के फकीराबाद अहरौली शेख में नन्हे की पत्नी मुन्नी देवी अपने 35 वर्षीय पुत्र राहुल व अन्य के साथ हाईवे के किनारे झोपड़ी बनाकर करीब 30 वर्षों से रह रहीं हैं। झोपड़ी के सामने बस्ती में अनीस उर्फ भूरा का प्लाट है। अनीस इस समय अपने प्लाट में निर्माण कार्य करा रहे हैं। अनीस का अपने प्लाट के सामने हाईवे के किनारे रहने वाली मुन्नी देवी से झोपड़ी हटाने को लेकर काफी दिनों से विवाद चल रहा है। मुन्नी देवी ने विवाद के बाबत कई प्रार्थना पत्र पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों को दिए हैं। गुरुवार को सुबह करीब साढ़े आठ बजे मुन्नी देवी स्वजन के साथ अपने मकान पर थी तभी पड़ोसी अनीस उर्फ भूरा, उसका भाई दानिस, उसके परिवार का ही रहीस, अहसान सिद्दीकी और आमिर, पांच अन्य लोगों के साथ लाठी-डंडा व हथियार लेकर उसके घर में घुस आए और गालियां देते हुए मारपीट करने लगे। राहुल ने विरोध किया तो हमलावरों ने उसे लाठी-डंडों व ईंटों से मारापीटा, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस पहुंची और सीएचसी पुखरायां के बाद उसे जिला अस्पताल लेकर गई साथ में उसकी पत्नी ऊषा को भी ले गए। घटना के बाद हमलावर मौके से भाग गए। उसकी विवाहिता बहन नीलम व सुशीला, साढू मनोज नागर, छोटा भाईरामू व अन्य रिश्तेदार घटना स्थल फकीराबाद अहरौली शेख पुखरायां पहुंचे और पुलिस पर राहुल का शव गायब करने का आरोप लगाकर हंगामा करने लगे। सीओ प्रभात कुमार, भोगनीपुर व सट्टी थाने का फोर्स लेकर पहुंचे। स्वजन ने पुलिस पर मिलीभगत का आरोप लगा झांसी हाईवे पर कानपुर से झांसी जाने की लेन पर जाम लगा दिया। इससे वाहनों की कतार लगने लगी। पुलिस ने इस पर पुखरायां पटेल चौक से वाहन का डाइवर्जन कर दिया, तब दोनों और के वाहन एक ही लेन से गुजरने लगे। कुछ देर बाद ही दूसरी लेन में भी लोग पहुंच गए और महिलाओं ने सड़क पर लेटकर जाम लगा दिया। महिला पुलिसकर्मियों से झड़प भी हुई। एसडीएम अजय कुमार राय भी पहुंचे और निष्पक्ष कार्रवाई की बात कही तब लोग शांत हुए और जाम खुल सका। कोतवाल राजेश कुमार सिंह ने बताया कि मुन्नीदेवी की तहरीर पर फकीराबाद अहरौली शेख पुखरायां निवासी अनीश उर्फ भूरा, उसके भाई दानिस, उसके परिवार के रहीस, अहसान सिद्दीकी और आमिर व पांच अज्ञात व्यक्तियों के विरुद्ध हत्या व अनुसूचित जाति अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई है।
