रसूलाबाद में अपने सहयोगी शिक्षकों, अभिभावकों एवं ग्राम शिक्षा समिति के लोगों से अभद्र व्यवहार करने के आरोप में निलंबित किए गए उच्च प्राथमिक विद्यालय भीटी कुर्सी के अध्यापक ने शुक्रवार को प्रधानाध्यापिका से अभद्र व्यवहार कर दिया। उसने उपस्थिति पंजिका मांगी लेकिन इसे न देने पर अपशब्द कहे व रजिस्टर फेंक दिया। आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
उच्च प्राथमिक विद्यालय भीटी कुर्सी की प्रधानाध्यापिका सरिता देवी ने बताया कि सहयोगी शिक्षकों, अभिभावकों एवं ग्राम शिक्षा समिति के लोगों से अभद्र व्यवहार करने के आरोप में विद्यालय में कार्यरत सहायक अध्यापक विनोद कुमार को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सुनील दत्त ने 30 अक्टूबर को निलंबित कर दिया था। निलंबन के आदेश के अनुपालन में कार्यमुक्त करने के निर्देश के तहत जब उन्होंने शुक्रवार को विद्यालय आए शिक्षक से हस्ताक्षर करने को कहा तो उसने अपशब्द कहे। इसका विरोध करने पर उन्हें धक्का देते हुए रजिस्टर फेंक दिया व जेल भेजने की धमकी दी। चीखने चिल्लाने पर गांव के लोगों ने उसे बचाया। पुलिस पहुंचती इससे पहले ही वह भाग निकला। कार्यवाहक थाना प्रभारी एसएसआई लक्ष्मण सिंह ने बताया कि मामले कि प्रधानाध्यापिका की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है।
