कानपुर देहात क्षेत्र के शिवली क्षेत्र के आंट गांव में जाते समय सांसद देवेंद्र सिंह भोले के काफिले में एक कार से टकरा कर बाइक सवार के गिरने से ग्रामीण भड़क गए। उन्होंने भाजपा मंडल अध्यक्ष व मंडल महामंत्री को मारपीट कर लहूलुहान कर दिया।
मैथा तहसील क्षेत्र के आंट गांव के पास रेलवे कारीडोर का काम चल रहा है। इसमें अभी तक कुछ किसानों को रेलवे ने उनकी अधिगृहीत की गई भूमि का मुआवजा नहीं दिया है। इसकी जानकारी मिलने पर शनिवार को सांसद देवेंद्र सिंह भोले वहां गए थे। उनके काफिले में शामिल मैथा मंडल अध्यक्ष योगराज राजपूत की कार भी थी। गांव में जाते समय अचानक कार की खिड़की खुल जाने से गांव का एक बाइक सवार टकराकर गिर गया व घायल हो गया। यह देख ग्रामीण आक्रोशित हो गए और उनकी कार को रुकवा लिया। ग्रामीणों ने योगराज राजपूत व महामंत्री बृजेश शर्मा को मारपीट कर लहूलुहान कर दिया। कुछ कार्यकर्ताओं ने किसी तरह से बीचबचाव कराया। शिवली कोतवाल मुकेश बाबू चौहान ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। तहरीर पर कार्रवाई की जाएगी।
