टक्कर से बाइक सवार महोबा के फर्नीचर कारोबारी के बेटे की मौत, साथी गंभीर

कानपुर आउटर के बिधनू थाना क्षेत्र में शंभुआ ओवर ब्रिज पर कार ने बाइक में सामने से टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को पुलिस सीएचसी पतारा ले गई, जहां हालत गंभीर होने के चलते उन्हें रेफर कर दिया गया। सर्वोदय नगर स्थित एक अस्पताल में फर्नीचर कारोबारी के बेटे को डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया, जबकि साथी की हालत गंभीर बनी हुई है।

बिधनू पुलिस के मुताबिक नया पुरवा नैखाना, महोबा निवासी फर्नीचर कारोबारी अजय पाल सिंह ने दीपावली पर 24 वर्षीय बेटे साहिल को हाईस्पीड बाइक केटीएम 20 उपहार में दी थी। महोबा में सर्विस सेंटर न होने के चलते साहिल वहीं रहने वाले अपने साथी विवेक सिंह उर्फ राहुल सिंह के साथ बाइक की सर्विस कराने शहर आया था। यहां से सर्विस कराकर दोनों वापस लौट रहे थे। बिधनू के शंभुआ ओवर ब्रिज पर घाटमपुर की ओर से आ रही कार ने बाइक में सामने से टक्कर मार दी, जिससे बाइक बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। आनन- फानन में दोनों घायलों को राहगीरों की मदद से घाटमपुर की पतारा सीएचसी ले जाया गया। जहां हालत नाजुक देखकर दोनों को रीजेंसी हास्पिटल लाया गया। डाक्टर ने साहिल को मृत घोषित कर दिया, जबकि राहुल सिंह को आइसीयू में भर्ती किया गया है। हादसे के बाद पुलिस ने हादसे को अंजाम देने वाली कार को बरामद कर लिया है।

दिखाया बड़ा दिल

इकलौते बेटे की मौत से टूटा परिवार, मगर रहा घायल दोस्त का खयाल

अजय पाल सिंह का महोबा के सबसे बड़े फर्नीचर कारोबारियों में शुमार हैं। साहिल उनका इकलौता बेटा था। परिवार में पत्नी रीता, बेटी खुशी, पिता हरि सिंह, मां प्रेमी देवी और बहन जूली है। हादसे की खबर सुनते ही पूरा परिवार देर रात कानपुर पहुंचा। परिवार में कोहराम मचा हुआ था। स्वजनों ने इस घटना की जानकारी वृद्ध हरि सिंह को नहीं दी है। वहीं साहिल के पिता अजय पाल सिंह ने इस स्थिति में भी बड़ा दिल दिखाया। उन्होंने बताया कि उनका बेटा साहिल नोएडा से बीटेक कर रहा है। राहुल के इलाज में जो भी खर्च आएगा और जो भी तीमारदारी करनी होगी, वह उठाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *