कानपुर में मेट्रो के साथ ही इलेक्ट्रिक बसों को चलाने की तैयारी है. बहुत संभव है कि जब पीएम मोदी मेट्रो का शुभारंभ करें तो लगे हाथ उनसे इ
न बसों का भी उद्घाटन कराया जाए. इसी को लेकर तैयारियां भी शुरू हो गई हैं. कानपुर में 13 इलेक्ट्रिक बसों की पहली खेप भी आ गई है और इनका ट्रायल रन भी शुरू हो गया है. कमिश्नर ने शनिवार को यहां पर चले रहे कार्यों का जायजा भी लिया।
इलेक्ट्रिक बसों के लिए अहिरवां में डिपो बनाया गया है. यहां का निरीक्षण करने पहुंचे कमिश्नर राज शेखर ने बताया कि 13 बसों की पहली खेप आ गई है. कानपुर को आवंटित 100 बसों में अन्य 47 बसें 15 दिसंबर तक आ जाएंगी. बाकी 40 बसें अगले साल जनवरी में आएंगी. यहां पर पीएमआई प्रभारी अधिकारी ने बताया कि 100 बसों के संचालन के लिए कुल 25 चार्जिंग स्टेशन की योजना है. 27 नवंबर तक 5 प्वाइंट पूरी तरह से तैयार हो जाएंगी और उसके अगले दिन से ही 13 बसों को इन 5 बिंदुओं पर चार्ज किया जा सकेगा।
बाकी 20 चार्जिंग पॉइंट्स को 15 दिसंबर तक पूरा कर लिया जाएगा और उसके एक हफ्ते बाद सामान्य संचालन के लिए उनका परीक्षण किया जाएगा. यहां पर कमिश्नर के साथ नगर आयुक्त और अन्य अफसरों को बस संचालन के समग्र नियंत्रण के लिए सीसीटीवी कवरेज, पैनिक बटन, अलार्म, वायरलेस सेट, आपातकालीन स्टॉपेज फीचर और टच पैनल जैसी विशेषताओं के बारे में बताया गया. बसों को रिलीज करने से पहले कमिश्नर ने इनकी अंतिम जांच और प्रमाणन क लिए सिटी बस अधिकारी, स्मार्ट सिटी अधिकारी, पीएमआई प्रतिनिधि और IIT या HBTU के एक विशेषज्ञ की एक समिति गठित करने के निर्देश दिए. चार्जिंग स्टेशन पर दो शौचालय भी बनाए जाएंगे।
2021-11-20
