कन्नौज में अधिकारी के बेटे का दिन-दहाड़े अपहरण का प्रयास, शोर मचाने पर भागा बदमाश, सीसीटीवी में कैद हुई घटना

कन्नौज के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कार्यरत अपर शोध अधिकारी के बेटे को शुक्रवार देर शाम बाजार से अगवा करने की कोशिश की गई। उसके शोर मचाने पर अपहरणकर्ता उसी की साइकिल लेकर भाग निकला। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस अपहरणकर्ता की तलाश कर रही है।

थाना सौरिख के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कार्यरत अपर शोध अधिकारी वीरपाल सिंह पुराने अस्पताल परिसर में बने आवास में रहते हैं। उनका 11 वर्षीय बेटा मुकुल शुक्रवार शाम को बुआ का मोबाइल फोन रिचार्ज कराने के लिए साइकिल से बाजार गया था। अपहरणकर्ता ने उसे बातों में उलझाया और पिता का जरूरी सामान देने के बहाने बहला-फुसलाकर राजापुर की तरफ लेकर चल दिया। मुकुल को बैठाकर अपहरणकर्ता खुद साइकिल चला रहा था। बंबा पार होते ही अनहोनी की आशंका पर मुकुल साइकिल से कूद गया। शोर मचाते हुए मोबाइल फोन से स्वजन से बात करने का प्रयास करने लगा। उसको चिल्लाता देख मौके पर लोग एकत्रित होने लगे। इसी बीच अपने को फंसता देखकर बदमाश साइकिल लेकर भाग निकला। लोगों ने उसकी तलाश की, लेकिन कोई पता नहीं चल सका। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में रिकार्ड हो गई। स्वजन मौके पर पहुंच गए। उन्होंने सीसीटीवी फुटेज निकलवाए। थाने पहुंचकर शनिवार को अज्ञात बदमाश के खिलाफ कार्रवाई की तहरीर दी। प्रभारी थानाध्यक्ष उपेंद्र सिंह ने बताया कि टप्पेबाजी का मामला प्रकाश में आ रहा है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *