रूरा में आइजी जोन कानपुर प्रशांत कुमार के निर्देश पर रविवार को बीट चलो अभियान की शुरुआत की गई। इसमें रूरा कस्बा इंचार्ज ने विभिन्न मुहल्लों में डोर टू डोर सत्यापन अभियान चलाया। साथ ही मड़ौली, रोशनमऊ, बनीपारा, सरगांव बुजुर्ग आदि गांवों में हल्का इंचार्ज व बीट प्रभारियों ने क्षेत्र के आपराधिक, संदिग्ध व अन्य गतिविधियों में लिप्त लोगों की कार्यशैली का सत्यापन संभ्रांत व सभासद, सदस्य व ग्राम प्रधान से कराया गया।
रविवार से शुरू हुए 11 दिवसीय अभियान के पहले दिन कस्बा इंचार्ज प्रभाकर यादव ने बजरंग नगर, शास्त्रीनगर, बस स्टाप चौराहा व शिवाजी नगर में बीट चलो अभियान की शुरुआत की। इसमें पुराने शातिरों, हिस्ट्रीशीटर व अन्य आपराधिक मामलों में लिप्त रहे लोगों के बारे में आसपास के लोगों व क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों से सक्रियता के बारे में जानकारी ली गई। इसी क्रम में मड़ौली, रोशनमऊ में एसआई कुलदीप सिंह, बनीपारा, जिनई आदि गांवों में एसओ अजयराज शर्मा, सरगांव बुजुर्ग, हसनापुर आदि में बीट इंचार्ज हेड कांस्टेबलों ने मुहल्ले के प्रमुख स्थानों के संभ्रांत के अलावा सदस्यों, प्रधान से संदिग्ध लोगों के बारे में विधिवत जानकारी प्राप्त की। प्रभारी एसओ अनिल कुमार ने बताया कि निर्देशों के तहत सभी से अपने अपने हल्का व बीट में समस्त जानकारी और उनका सत्यापन दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए हैं।
