बेटे की अस्थियों को सामने रख BJP नेता का अनशन, पुत्र की हत्या पर दंपती ने रोते हुए बयां की बेबसी
Tue, 23 Nov 2021
बांदा के बहुचर्चित छात्र अमन हत्याकांड का मामला एक बार फिर सुर्खियों पर है। दिवांगत छात्र की अस्थियों व फोटो के साथ अनशन पर बैठकर पीड़ित परिवार न्याय की मांग कर रहा है। अपनी पीड़ा बताते हुए भाजपा नेता फफक पड़े। उन्होंने कहा कि जब उन्हें न्याय नहीं मिल रहा तो आम लोगों का क्या होगा। सत्ता पक्ष के संरक्षित जन प्रतिनिधियों के इशारे पर सही से कार्रवाई नहीं हो रही है। जब तक न्याय नहीं मिल जाता है तब तक अस्थि विर्सजन नहीं करेंगे।
शहर कोतवाली क्षेत्र के मुहल्ला बंगालीपुर निवासी भाजपा कार्यकर्ता संजय त्रिपाठी के पुत्र अमन की 11 अक्टूबर की मौत हो गई थी। स्वजन ने हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। जिसकी हमीरपुर क्राइम ब्रांच टीम व लखनऊ की मेडिकोलीगल टीम ने जांच किया था। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की ओर से गठित टीम ने पीड़ितों से घर में जाकर मुलाकात की थी। मंगलवार दोपहर को पीड़ित पिता व मां मधु ने परिवार सहित दिवांगत छात्र की अस्थियां व फोटो अशोक लाट के नीचे रखकर अनशन शुरू किया है। उन्होंने न्याय दिलाने की जहां मांग की है। वहीं सीबीआइ व न्यायिक जांच कराने को कहा है। उनका कहना है कि डेढ़ माह बीत रहा है इसके बाद भी आरोपितों के विरुद्ध कार्रवाई नहीं की जा रही है। जांच के नाम पर अभी तक सिर्फ खाना पूर्ति हुई है।
आरोपितों की ओर से उन्हें आए दिन धमकियां मिल रही हैं। न्याय पाने के लिए हर कुर्बानी देने को तैयार हैं।
यह हैं प्रमुख तीन मांगे
अमन त्रिपाठी हत्याकांड की सीबीआइ जांच हो।
आरोपितों की तत्काल गिरफ्तारी की जाए।
अस्थियां तब तक विसर्जित नहीं होगी जब तक न्याय अधूरा है।
