मुख्तार से मिलने के बाद बड़े भाई सिबगतुल्लाह ने दोहराई हत्या किए जाने की बात, कहा; दिन-रात किया जा रहा प्रयास
बांदा जेल में माफिया मुख्तार अंसारी से बड़े भाई सिबगतुल्लाह अंसारी व पुत्र उमर अंसारी ने जेल में मुलाकत की। हत्या के प्रयास के सवाल पर भाई ने कहा कि रात दिन मारने का प्रयास किया जा रहा है। ऊपर वाला उन्हें बचा रहा है। जाको राखे सांईया मार सके न कोय। हालांकि स्वास्थ में अब सुधार होना भी बताया है।
पूर्वांचल का माफिया मुख्तार अंसारी छह अप्रैल से बांदा जेल में बंद है। मंगलवार को उसके बड़े भाई सिबगतुल्लाह अंसारी ने मुलाकत के बाद बताया कि सप्ताह में एक बार परिवार के दो लोगों की मुलाकात करने की छूट मिली है। जिसके चलते वह दवा व अन्य खाने का सामान आदि आकर देते हैं। उसका हालचाल लेते हैं। सिबगतुल्लाह के सपा में शामिल होने व मुख्तार अंसारी से ओमप्रकाश राजभर के मिलने आने के सवाल पर उनका कहना था कि वह भी इसी गठबंधन में हैं। हम सब एक हैं। इसके बाद वह अपने वाहन में अन्य लोगों के साथ बैठकर जेल से रवाना हो गए। इसके पहले उनके यहां आने पर मुलाकात को प्रार्थना पत्र भेजने पर कोरोना जांच रिपोर्ट देखने के साथ अन्य सुरक्षा संबंधी प्रक्रिया पूरी की गई थी। मुलाकात के समय सीसीटीवी कैमरे व बंदी रक्षकों की कड़ी निगरानी रही है। जेल के बाहर भी पुलिस का कड़ा पहरा रहा है। इसी बीच करीब एक घंटे तक मुख्तार से मिलने आए भाई व पुत्र जेल के अंदर रहे हैं। जेलर पीके त्रिपाठी ने बताया कि नियमावली के हिसाब से मुलाकात कराई गई है।
