सीओ की फटकार के बाद चौकी इंचार्ज ने महिला का लौटाया दहेज का सामान

कानपुर देहात। गजनेर थाने के ग्रोथ सेंटर चौकी इंचार्ज ने दंपती के बीच विवाद होने पर दहेज का सामान व बाइक चौकी में रखवा ली थी। इस पर महिला ने एसपी से चौकी इंचार्ज की शिकायत कर दस हजार रुपये मांगने का आरोप लगाया था। वहीं एसपी ने मामले की जांच सीओ सदर को सौंपी थी। सीओ की फटकार के बाद चौकी इंचार्ज ने सामान वापस कर दिया है।
रोदापुर शिवली निवासी शिवकांत की बेटी श्वेता की ससुराल गजनेर के हिम्मापुरवा गांव में है। एक सप्ताह पहले पति विकास बाबू से उसका विवाद हुआ। मामला पुलिस के पास पहुंचा तो ग्रोथ सेंटर चौकी इंचार्ज अरुण कुमार द्विवेदी ने दोनों पक्षों को चौकी बुलाया। वहां महिला पर समझौते का दबाव बनाने लगे।
बात न मानने पर उसकी बाइक व दहेज का सामान चौकी में रखवा लिया। महिला ने मंगलवार को एसपी से शिकायत कर बताया था कि उसकी बाइक पुलिस कर्मी चला रहे हैं। चौकी इंचार्ज बाइक वापस करने के नाम पर दस हजार रुपये की मांग कर रहे हैं।
मामले की जांच एसपी ने सीओ अरुण कुमार सिंह को सौंपी। उन्होंने चौकी इंचार्ज को कड़ी फटकार लगाई। इस पर चौकी इंचार्ज ने महिला को सामान व बाइक वापस कर दिया। वहीं रुपये मांगने के आरोपों की जांच चल रही है। सीओ अरुण कुमार सिंह ने बताया कि महिला की बाइक व अन्य सामान दिलवा दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *