पान मसाले का गढ़ कहे जाने वाले कानपुर को लेकर अक्सर ही तंज कसे जाते हैं. एक बार फिर यही पान मसाला सोशल मीडिया और खासकर ट्विटर पर जमकर ट्रेंड हुआ. दरअसल, हुआ यूं कि ग्रीनपार्क स्टेडियम में भारत और न्यूजीलैंड के बीच पहले टेस्ट मैच के पहले दिन स्टैंड में बैठे एक दर्शक का वीडियो वायरल हो गया. इसमें यह दर्शक मुंह में पान मसाला चबा रहा था. इसके बाद तो यह दर्शक ट्विटर पर जमकर ट्रेंड हुआ और इसको लेकर खूब मीम्स बने. पूर्व क्रिकेटर वसीम जाफर भी मीम्स शेयर करने वालों में पीछे नहीं रहे.
दरअसल, इस दर्शक का वीडियो तब वायरल हुआ जब पहले दिन का 70वां ओवर चल रहा था. उस समय श्रेयस अय्यर 54 और जडेजा 26 रन बनाकर मैदान में थे.
इसी तरह मैच की ब्रॉडकास्टिंग टीम ने इस दर्शक को अपने कैमरे में कैद कर लिया. पहले तो इस दर्शक को कुछ नहीं मालूम था और वह बड़े आराम में पान मसाला चबाते हुए किसी से मोबाइल पर बात कर रहा था लेकिन जब साथ बैठी महिला की नजर स्टेडियम में लगी बिग स्क्रीन पर पड़ी तो इस दर्शक का भी ध्यान इस ओर चला गया.
इसके बाद तो इस शख्स का वीडियो और फोटो ट्विटर और अन्य सोशल साइट्स पर जमकर वायरल हुआ. ट्विटर पर टॉप ट्रेंड करते कानपुर टेस्ट में यह दर्शक ही छाया रहा.
लोग पान मसाला और कानपुर का कनेक्शन भी जोड़ते रहे. बता दें कि इससे पहले जब ग्रीनपार्क मे मैच की तैयारियों की फोटो ट्विटर पर आयी थीं, तब भी एक पान मसाला ब्रांड के विज्ञापन पर लोगों ने खूब ट्रोल किया था.
2021-11-25
