सिकंदरा क्षेत्र के मुगल रोड पर सवारियों से भरी मैजिक मोपेड सवारों को टक्कर मारते हुए खड्ड में पलट गई। दुर्घटना में मोपेड सवार किसान की मौत हो गई वहीं मासूम समेत सात लेाग घायल हो गए। घायलों को सीएचसी भेजा गया जहां से दो महिलाओं को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया।
रानीपुर गांव निवासी किसान 42 वर्षीय राजेश कटियार सिकंदरा कस्बे के विकास नगर में इस समय रहते थे। गुरुवार शाम को वह डेरापुर के अमोली कुर्मीयान गांव निवासी रिश्तेदार अनिल कटियार की 40 वर्षीय पत्नी कुसुमलता के साथ सवार होकर खेतों पर जा रहे थे। कस्बे के राजपुर जाने वाले मुगल रोड पर गुजरते समय भोगनीपुर से औरैया की तरफ जा रही सवारियों से भरी तेज रफ्तार मैजिक ने मोपेड में जोरदार टक्कर मारी और बगल में बिजली पोल से टकराते हुए खड्ड में पलट गई। हादसे में राजेश कटियार की मौत हो गई। वहीं कुसुमलता के साथ ही मैजिक में सवार घाटमपुर के 60 वर्षीय इलियास, राजपुर के अफसरिया निवासी 70 वर्षीय नसरुन, भोगनीपुर कोतवाली के अहरौली शेख निवासी उमा शंकर कठेरिया, जालौन जनपद के थाना कुठौंद के ग्राम अजीतापुर गांव निवासी तरीकुन, हसीना व उनका आठ वर्षीय बच्चा सैफ घायल हो गया। आसपास के लोग जुटे और सभी को मशक्कत कर बाहर निकाला और एंबुलेंस से सीएचसी भिजवाया। चिकित्सक डाक्टर पूजा गोयल ने राजेश को मृत घोषित कर दिया। वहीं नसरून व हसीना की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल भेज दिया गया है। उधर, राजेश के घर पर मौत सूचना पहुंची तो रोना पीटना मच गया। मां सावित्री देवी, छोटा भाई नीरज, पिता रघुनंदन कटियार का रो रो कर बुरा हाल हो गया। थानाध्यक्ष शैलेंद्र कुमार मिश्रा ने बताया कि स्वजन से तहरीर लेकर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। वाहन को कब्जे में लिया गया है।
