फार्मा कंपनी में खौलते तेल में लगी आग, सात मजदूर झुलसे, तीन गंभीर

कानपुर के रायपुरवा थानाक्षेत्र में बड़ा हादसा हो गया. बताया जा रहा है कि यहां पर खौलते तेल में आग लगने से सात मजदूर बुरी तरह झुलस गए. मजदूरों के झुलसने की घटना के बाद हड़कंप मच गया. आनन फानन में झुलसे मजदूरों को इलाज के लिए उर्सला अस्पताल लाया गया.
बताया जा रहा है कि रायपुरवा थानाक्षेत्र के जीटी रोड में आने वाली एक फार्मा कंपनी भारतीय एग्रो फार्मा में दोपहर के समय यह हादसा हुआ. जानकारी के मुताबिक, यहां पर तो बड़े कढ़ाव में तेल गर्म हो रहा था. इस दौरान कर्मचारियों का ध्यान नहीं गया और तेल जरूरत से ज्यादा गर्म हो गया. इससे खौलते हुए तेल ने आग पकड़ ली. इससे पहले कि कोई कुछ समझता, खौलते तेल में लगी आग में सात मजदूर झुलस गए. इस घटना से फार्मा कंपनी के अन्य कर्मचारियों में हड़कंप मच गया. मौके पर चीख पुकार मच गई. झुलसने वालों में पांच पुरूष और दो महिलाएं शामिल हैं.
झुलसे हुए मजदूरों को उनके साथी उर्सला अस्पताल लेकर आए. उधर, घटना की जानकारी पर रायपुरवा पुलिस भी मौके पर पहुंच गई. उर्सला में सभी घायलों का इलाज चल रहा है. उर्सला के चिकित्सकों के मुताबिक, सात लोगों में दो लोग 90 फीसदी जले हुए हैं, जबकि एक 60 फीसदी तक जला हुआ है. इनकी हालत काफी नाजुक बनी हुई है. बाकी अन्य लोग 45 से 10 फीसदी तक झुलसे हैं. सभी का डॉक्टरों की निगरानी में इलाज किया जा रहा है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *