फर्रुखाबाद में कलयुगी बेटे की करतूत

फर्रुखाबाद में कलयुगी बेटे की करतूत, पहले पिता पर पेट्रोल डाला, फिर किया आत्मदाह का प्रयास
Sat, 27 Nov 2021
फर्रुखाबाद में ट्रैक्टर न दिलाने पर नाराज युवक ने पिता को कमरे में बंद उन पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। इसके बाद उसने खुद पर भी पेट्रोल छिड़क कर आग लगा ली। दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर भर्ती कराया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

गांव अकबर दामोदरपुर निवासी जौहरी लाल यादव से उनका बड़ा पुत्र राजेंद्र कई दिनों ट्रैक्टर दिलाने की मांग कर रहा था। पिता ने ट्रैक्टर दिलाने से मना कर दिया। इसी बात पर शनिवार को राजेंद्र ने फिर से ट्रैक्टर दिलाने को कहा। इस पर दोनों में विवाद हो गया। मामला बढऩे पर राजेंद्र ने पिता जौहरी लाल यादव को कमरे में बंद कर दिया और उन पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। इसके बाद उसने अपने ऊपर भी पेट्रोल छिड़क कर आग लगा ली। शोरशराबा होने पर दरवाजा तोड़कर दोनों को बाहर निकाला गया। स्वजन ने ग्रामीणों की मदद से दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर भर्ती कराया। यहां पर जौहरी की हालत गंभीर होने पर उन्हें लोहिया अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। वहां पर प्राथमिक इलाज करने के बाद जौहरी को सैफई मेडिकल कालेज के लिए रेफर कर दिया गया। जब कि राजेंद्र सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से प्राथमिक इलाज कराने के बाद भाग गया। घायल जौहरी लाल ने बताया कि बड़ा पुत्र राजेंद्र कई दिनों से खेत बेचकर ट्रैक्टर दिलाने का दबाव बना रहा था। वह बार-बार उसको मना कर रहे थे। इसी बात पर बेटे ने आग लगा दी। छोटे पुत्र रामबरन ने बताया कि बड़े भाई ने आग लगाई है। थाना प्रभारी मनोज भाटी ने बताया कि पुत्र राजेंद्र ट्रैक्टर दिलाने के लिए पांच लाख रुपये मांग रहा था। मांग पूरी न होने पर पुत्र ने पहले पिता पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी, फिर उसने अपने ऊपर पेट्रोल डालकर आग लगाकर खुदकुशी करने का प्रयास किया। उन्होंने जांच के लिए पुलिस कर्मियों को मौके पर भेजा है। अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *