कानपुर। माती न्यायालय लाया गया नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपित पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गया। उसके भागने की जानकारी से पुलिसकर्मियों में खलबली मच गई। एसपी केशव कुमार चौधरी पुलिस बल के साथ न्यायालय पहुंचे। पुलिस ने आरोपी की हर जगह तलाश की पर वह पुलिस की पकड़ में नहीं आया। वहीं लापरवाही बरतने पर पुलिस कर्मी को सस्पेंड कर दिया गया है।
आजमगढ़ के फूलपुर निवासी पवन गौतम उर्फ गुड्डू नाबालिग से दुष्कर्म मामले में 27 फरवरी 2021 से माती जेल में बंद था। आरोपित पर रिश्तेदार की पुत्री से दुष्कर्म का आरोप है। अकबरपुर कोतवाली पुलिस ने उसे कानपुर के कल्याणपुर से गिरफ्तार किया था। पुलिस अभिरक्षा में उसे जेल से न्यायालय लाया गया था। इसी दौरान आरोपित मौके से फरार हो गया। इससे पुलिस के हाथ-पांव फूल गए। न्यायालय परिसर के साथ ही अधिवक्ताओं के चेंबरों में भी उसकी तलाश की गई। बंदी के फरार होने की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंच गया, सघन चेकिंग के बाद भी उसका पता नहीं लग सका। वहीं इसकी जानकारी मिलते ही एसपी केशव कुमार चौधरी दलबल के साथ मौके पर पहुंच गये और आरोपी की जोर-शोर से तलाश की जाने लगी।
केशव कुमार चौधरी ने बताया कि बंदी की तलाश के लिए पुलिस टीम को सक्रिय किया गया है, जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं मामले में जांच के निर्देश दिए गए हैं।
आरोपी पवन पर दुष्कर्म के एक मामले में माती कोर्ट में पेश होने आया था। इसी दौरान भीड़ के बीच पवन चकमा देकर फरार हो गया। बंदी के फरार होने पर सिपाही ने कचहरी के हर गेट पर उसे तलाश किया, लेकिन वह हाथ नहीं लगा। इस पर उसने जेल चौकी में जानकारी दी। इसके बाद अफसरों को पता चला। सीओ अकबरपुर ने तत्काल कोतवाली पुलिस को सूचना दी और तीन टीमें बनाकर बंदी की तलाश शुरू कराई।
हालांकि देर शाम तक उसका पता नहीं चल सका। सीओ अरुण कुमार सिंह ने बताया कि बंदी पुलिस अभिरक्षा से फरार हुुआ है। इसका केस दर्ज किया जाएगा। एसपी को अवगत करा दिया गया है। लापरवाही करने वाले सिपाही को निलंबित करने के साथ ही उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाएगी।
इससे पहले सिकंदरा से अपनी भाभी पर ज्वलनशील केमिकल डालने का आरोपित कोर्ट परिसर से भाग चुका है। मामले में दो सिपाहियों पर मुकदमा दर्ज किया गया था। वहीं, दो नवंबर को शिवली थानाक्षेत्र के साकेत नगर निवासी दुष्कर्म का आरोपित न्यायालय से फरार हो गया था। 5 साल पहले बब्बन कालिया भी पुलिस को चकमा देकर फरार हो चुका है।
2021-11-30
