UP TET 2021: साल्वर गिरोह के सदस्य की तलाश में कन्नौज पहुंची मैनपुरी पुलिस, असमंजस का शिकार रही पुलिस

उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा में (यूपीटीईटी) में डिवाइस के जरिए नकल की योजना बनाने वाले साल्वर गिरोह के सदस्यों में विशुनगढ़ के गांव बहादुरपुर असालताबाद निवासी युवक का नाम भी चर्चा में है। उसकी तलाश में मैनपुरी पुलिस गांव पहुंची और छानबीन कर लौट गई। गांव में एक नाम के चार-पांच युवक होने से पुलिस के साथ ही ग्रामीण भी असमंजस में रहे। पुलिस को कोई ठोस जानकारी हाथ नहीं लग सकी। हालांकि, सीओ छिबरामऊ व थाना प्रभारी विशुनगढ़ पुलिस के गांव जाने की बात से अनभिज्ञता जता रहे हैं।

यूपीटीईटी में चेकिंग के दौरान डिवाइस सहित परीक्षार्थी को पकड़ा गया था। उसने मैनपुरी में छिबरामऊ निवासी विनीत और आशीष के संपर्क में होने की बात कही थी। मैनपुरी पुलिस ने पड़ताल शुरू की तो करीब 20 नाम और सामने आए। इनमें तीन कन्नौज के हैं, एक विशुनगढ़ के गांव बहादुरपुर आसालताबाद का है। ग्रामीणों के मुताबिक, एक युवक ने बीएड किया है और यूपीटीईटी में भी शामिल हुआ था। भदोही का एक युवक उसका मित्र है। यहां बता दें, उजागर नामों में एक व्यक्ति भदोही का भी शामिल है। हालांकि, उसको लेकर अब तक स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है। ग्रामीणों के मुताबिक, दो गाडिय़ों से पुलिस गांव आई थी। एक गाड़ी बाहर की और एक स्थानीय पुलिस की थी। सीओ छिबरामऊ ने बताया कि किसी भी टीम के आने की सूचना नहीं है।

सौरभ कानपुर तो बृजेश बिधूना में रहकर पढ़ते थे कोचिंग में l

टीईटी में परीक्षार्थी को कन्नौज के युवकों ने डिवाइस मुहैया कराई थी। इनमें दो इंदरगढ़ के हैं। क्षेत्र के सरगौली निवासी सौरभ सिंह यादव के पिता किसान हैं। पड़ोसियों ने बताया कि सौरभ का एक भाई पुलिस में है। वह कानपुर में रहकर कोचिंग में पढ़ता है। वहीं, याकूबपुर निवासी बृजेश सिंह यादव अपने परिवार के साथ औरैया के बिधूना कस्बे में रहता है। गांव में चाचा समेत अन्य स्वजन रहते हैं। उसके पिता सेना में हैं। वह परिवार का इकलौता बेटा है। दोनों परिवार के स्वजन ने घटना के बारे में जानकारी होने से इन्कार कर दिया। उल्लेखनीय है कि रविवार को मैनपुरी के आदर्श राष्ट्रीय इंटर कालेज परीक्षा केंद्र के गेट पर सचल दल ने कन्नौज के सौरिख थानांतर्गत नगला मदारी निवासी परीक्षार्थी आलोक कुमार को कान में लगी डिवाइस और मास्टर कार्ड के साथ पकड़ा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *