मेट्रो के अंडरग्राउंड निर्माण के लिए शहर के हृदयस्थल मालरोड को बंद किया जाएगा. नरोना चौराहा से फूलबाग चौराहा जाने वाला रास्ता निर्माण अवधि के दौरान बंद रहेगा. इस फैसले का सबसे ज्यादा प्रभाव मालरोड के व्यापारियों पर पड़ने की उम्मीद जाहिर की जा रही है. पूर्व में व्यापारियों ने निर्माण अवधि के दौरान एक साइड खुली रखने की मांग की थी।
यूपी मेट्रो रेल कॉरपोरेशन की तरफ से बताया गया है कि इस समय मेट्रो का अंडरग्राउंड काम चल रहा है. नयागंज मेट्रो स्टेशन के लिए शनिवार से रूट डायवर्जन का ट्रायल किया जाएगा. रूट डायवर्जन का यह ट्रायल 10 बजे से रविवार शाम सात बजे तक रहेगा. रूट डायवर्जन को लेकर यूपीएमआरसी की तरफ से सुझाव भी मांगे गए हैं. वहीं, रूट डायवर्जन को लेकर एसीपी राहुल मिठास ने मेट्रो और यातायात विभाग के अफसरों के साथ मौके पर जायजा भी लिया.
ऐसा होगा रूट डायवर्जन
– नयागंज अंडरग्राउंड मेट्रो स्टेशन के निर्माण के लिए नरौना चौराहे से लेकर फूलबाग चौराहा तक बैरिकेडिंग की जाएगी. कराची खाना वाला मोड़ बैरिकेडिंग से बाधित नहीं होगा.
– नरौना चौराहा से एलआईसी बिल्डिंग की तरफ़ जाने वाले वाहनों को पनचक्की चौराहे और झाड़ी बाबा चौराहे से होते हुए फूलबाग चौराहा स्थित अग्रसेन चौक पहुंचना होगा. डायवर्ज़न प्लान प्रभावी होने के बाद नरौना चौराहे से लेकर पनचक्की चौराहे तक मार्ग टू-वे रहेगा, जबकि पनचक्की से फूलबाग चौराहा जाने वाला मार्ग वन-वे ही रहेगा, जैसा कि वर्तमान में है. नरौना चौराहे से सीधे फूलबाग चौराहा स्थित अग्रसेन चौक जाने के लिए दो पहिया वाहनों के लिए बैरिकेडिंग के समानांतर स्लिप रोड की व्यवस्था की जाएगी.
– मेघदूत तिराहे से पनचक्की चौराहा, दो रास्तों से होकर पहुंचा जा सकता है. मेघदूत की ओर से आने वाले वाहन, चार्लेस चौराहा से बाएं मुड़कर, झाड़ी बाबा चौराहे और पनचक्की चौराहे से होते हुए नरौना चौराहा जाएंगे. साथ ही, वाहन पनचक्की चौराहे से – जयपुरिया क्रॉसिंग की ओर मुड़कर, मरे कंपनी पुल के नीचे से होते हुए भी नरौना चौराहा जाएंगे.
– भारी वाहनों को पनचक्की चौराहे के बाद, मरे कंपनी वाले वैकल्पिक मार्ग से होकर ही नरौना चौराहे पर पहुंचना होगा, क्योंकि पनचक्की चौराहे से सीधे नरौना चौराहे पर भारी वाहनों का प्रवेश निषेध होगा।
2021-12-09
