कानपुर l कल्याणपुर थाना क्षेत्र में राहगीर का मोबाइल छीनकर भाग रहे लुटेरे को पीआरवी के सिपाहियों ने तत्परता दिखाते हुए पकड़ लिया। उसके पास से लूटे गए मोबाइल फोन के अलावा तीन और मोबाइल बरामद हुए हैं। उसने कई वारदातें करने की जानकारी भी पुलिस को दी है। पुलिस उससे पूछताछ करके गिरोह का पता करने का प्रयास कर रही है। रात पीड़ित ने कंट्रोल रूम में फ़ोन करके सूचना दी कि कल्याणपुर में उसके पास खड़े हर्षित यादव निवासी गोवा गार्डेन का मोबाइल फोन छीनकर लुटेरा भाग निकला है। सूचना पर पीआरवी 4728 के सिपाहियों ने तत्परता दिखाई और पीड़ित से हुलिया पूछकर आसपास तलाश शुरू की। कुछ ही देर में भागने वाली दिशा में जाकर सिपाहियों ने लुटेरे को दबोच लिया। लुटेरे की पहचान जितेंद्र प्रजापति निवासी बारासिरोही के रूप में हुई। उसके पास से पुलिस ने चोरी के तीन मोबाइल भी बरामद किए गए और थाना कल्याणपुर पुलिस के सुपुर्द किया गया। मामले में पुलिस आयुक्त ने पीआरवी स्टाफ हेड कांस्टेबल सनी बाबू और होमगार्ड संदीप शुक्ला को प्रशस्ति पत्र देने की घोषणा की है। वहीं थाना पुलिस लुटेरे से पूछताछ करके गिरोह का पता कर रही है।
2021-12-14
