कानपुर l आसमान पर छाए बादल छंटने के बाद शीतलहर चलने से ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। मैदानी इलाकों में रात में गलन और ठिठुरन बढ़ गई है। पारा लगातार गिर रहा है और बीते दो दिनों में न्यूनतम तापमान पांच डिग्री कम होकर 7.4 डिग्री सेल्सियस पर आ गया है। मौसम विभाग ने आम तौर पर मौसम साफ रहने के साथ ही रात में और तड़के घना कोहरा होने की आशंका भी जताई है।
एेसे मौसम को देखते
हुए लोग सतर्क रहें और गुनगुना पानी पिएं।
चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विवि (सीएसए) के मौसम वैज्ञानिक डा. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि शनिवार तड़के न्यूनतम तापमान अचानक पांच डिग्री लुढ़क गया। एक दिन पहले जहां न्यूनतम तापमान 13 डिग्री था, शनिवार तड़के यह आठ डिग्री हो गया। यही नहीं, उत्तर पश्चिम से आ रही तेज हवाओं के कारण शीतलहर चल रही है। रात में गलन होने के कारण ठिठुरन बढ़ गई है और आने वाले कुछ दिनों में तापमान सात डिग्री से नीचे जाने की संभावना है। एेसे में लोग खास सावधानी बरतें। गर्म कपड़े पहनकर और कानों को टोपी से ढंककर निकले।
डा. पांडेय ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ जम्मू कश्मीर और उससे सटे लद्दाख के हिस्सों पर है। इस वजह से हिमाचल प्रदेश, उत्तरखंड में बर्फबारी हो रही है। चक्रवाती परिसंचरण का असर खत्म होने के कारण आसमान से बादल छंट गए हैं और उत्तर पश्चिम हवाएं तापमान में तेजी से गिरावट ला रही हैं। शनिवार को हवा की गति भी 7.2 किलोमीटर प्रति घंटा दर्ज की गई है। हवा की रफ्तार कम होने पर प्रदूषण का ग्राफ भी बढ़ सकता है। उन्होंने किसानों को सलाह दी है कि वह देर से बोयी जाने वाली फसलों की बुवाई का काम जल्द पूरा कर लें l
2021-12-19
