पीएम मोदी 28 दिसंबर को कानपुर आ रहे हैं

हर हाल में 26 दिसंबर तक इस टेक्नोलाजी डेवलपमेंट सेंटर (टूल रूम) के सारे काम पूरे कर दीजिए। पीएम मोदी 28 दिसंबर को कानपुर आ रहे हैं। पूरी उम्मीद है, कि वह इसका उद्घाटन करेंगे। अभी, दोपहर में ही मैं पीएमओ कार्यालय को इस टूल रूम की स्थिति से अवगत करा दूंगा। गुुरुवार को यह बातें केंद्रीय सूक्ष्म, लघु व मध्यम उद्योग राज्यमंत्री भानुप्रताप सिंह वर्मा ने कहीं। वह जरीब चौकी के समीप अथर्टन मिल कैंपस में बने टूल रूम का निरीक्षण करने के बाद पत्रकारों से बात कर रहे थे। निरीक्षण के दौरान उन्होंने टूल रूम के अंदर बने प्रोडक्शन हाउस, कैंटीन, छात्रावास समेत कई अन्य विभागों का निरीक्षण किया। मौजूद एमएसएमई व अन्य जिम्मेदार विभागों के अफसरों ने उन्हें बताया कि 90 फीसद से अधिक काम पूरा हो चुका है। साफ-सफाई व मशीनों के इंस्टालेशन से जुड़ा काम बाकी है। केंद्रीय मंत्री ने अफसरों से कितने पाठ्यक्रम संचालित होंगे, कितने छात्र-छात्राएं पढ़ाई कर सकेंगे, कितनी फीस होगी, इस तरह की कई जानकारियां हासिल कीं।दरअसल करीब दो माह पहले भी केंद्रीय मंत्री ने इस टूल रूम का निरीक्षण किया था, और तब की स्थिति देखते हुए जिम्मेदार अफसरों की जमकर क्लास लगाई थी। उन्होंने कहा, कि हर हाल में इसे 26 दिसंबर तक बनाकर तैयार कर दीजिए। साथ ही समय से यहां छात्रों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू कराइए। वहीं, निरीक्षण के दौरान ही उन्होंने पूर्व सीएम अखिलेश यादव पर कटाक्ष किया, और कहा कि जितनी भीड़ उनकी यात्रा में है उससे कहीं अधिक कार्यकर्ता भाजपा की ओर से निकाली जा रहीं यात्राओं में हैं। लड़कियों के लिए शादी की उम्र 21 साल किए जाने वाले फैसले को लेकर उन्होंने पीएम मोदी की प्रशंसा की। बोले, अब छात्राएं व लड़कियां अपना भविष्य बेहतर ढंग से संवार सकेंगी। यहां एमएसएमई निदेशक विष्णु वर्मा, श्याम सिंह सिसौदिया, आनंद दयाल आदि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *